UP Election 2022: पीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए की वर्चुअल संवाद-कहा लोगों को मतदान के महत्व के बारे में समझाएं, बताएं हर वोट कितना जरूरी

UP Election 2022: पीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए की वर्चुअल संवाद-कहा लोगों को मतदान के महत्व के बारे में समझाएं, बताएं हर वोट कितना जरूरी

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव की घोषणा के बाद मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए वर्चुअल संवाद किया। पीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते हुए कहा कि हम हर बूथ के अंदर एक कॉम्पिटिशन करें। हम देखना चाहते हैं कि कौन सा पोलिंग बूथ कितना माइक्रो डोनेशन कर सकता है? हमारा मकसद पैसा इकट्‌ठा करना नहीं है, लोगों को जोड़ना है। साथ ही हमें मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में बताना चाहिए। उन्हें बताएं कि हर वोट महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनावों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें।15 दिन के भीतर ये कॉम्पिटिशन हो।मोदी ने कहा कि हमें संगठन का विस्तार करना है और कार्यकर्ता का भी विकास करना है। चुनाव के समय एक-एक वोट की कीमत समझनी है। 

पीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसानों को समझाएं कि भाजपा ने उनके लिए क्या-क्या किया? महिलाओं के लिए क्या किया? मोदी ने कहा कि हम जहां पहुंचे हैं, वहां पहुंचने के लिए तीन पीढ़ियां खप गई है। नमो एप के कमल पुष्प में जनसंघ के नेताओं की बातें हमें रखनी चाहिए। मैं चाहूंगा कि हमारे काशी में जनसंघ के जमाने का एक भी व्यक्ति ऐसा न हो जिस तक हमारी बात न पहुंची हो।

पीएम ने कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उत्तरी विधानसभा के बागेश्वरी मंडल के कार्यकर्ता आशुतोष से भोजपुरी में पूछा कि काशी कैसी है? ट्रैफिक जाम होता है अब? आशुतोष ने बताया कि बनारस का आपने जितना ध्यान रखा उतना किसी ने नहीं रखा। पहले हमें घंटों का समय लगता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। जाम से राहत मिली है। इसके बाद पीएम ने भोजपुरी अंदाज में पूछा कि ए बार कितना ठंड पड़ल हौ बनारस में...? चुनाव की कितनी गर्मी है। मुझे बनारस में जन्म लेने का सौभाग्य तो नहीं मिला, लेकिन महादेव की कृपा से वहां से जुड़ने का मौका जरूर मिला। अखिलेश दुबे से पूछा कि क्या करते हैं? अखिलेश ने जवाब दिया कि ट्यूशन पढ़ाते हैं। वहां बिजली की क्या स्थिति है? अखिलेश ने बताया कि पहले धरना देना पड़ता था। अब पहले की तुलना में काफी ज्यादा बिजली मिली रही है।

बूथ अध्यक्ष श्रवण कुमार रावत से प्रधानमंत्री मोदी ने भोजपुरी में पूछा कि का हाल हो? बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर में पहले और अब में क्या फर्क है?रावत ने बताया कि पहले तो धक्का-मुक्की में मजा खत्म हो जाता था। आज तो दिव्यता दिख रही है। आज इतनी खुशी है कि बाबा विश्वनाथ के ऐसे दिव्य दर्शन आपकी वजह से संभव हो रहा है। आपके लिए कोई भी शब्द छोटा पड़ेगा। अब बनारस बदल गया है। गरीबों को रोजगार मिल रहा है। वे सब आपको आशीर्वाद दे रहे हैं। कल मुझे विश्वनाथ धाम का श्रमिक मिला था। उसकी खुशी देखते बन रही थी। वो आपकी तारीफ करते अघाते नहीं।

पीएम मोदी ने कहा कि आप एक बूथ के अध्यक्ष हैं। मुझे खुशी है कि आप इतनी गहराई से इसका बखान कर रहे हैं। ये सब बाबा की कृपा है। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव से हमें हर व्यक्ति को जोड़ना चाहिए। देश के प्रति जिन्होंने बलिदान दिया, उनके प्रति हमें सम्मान जताना है। नमो एप पर भाजपा का माइक्रो डोनेशन अभियान चल रहा है। 5 रुपये भी आप पार्टी को दान दे सकते हैं। क्या हम ये प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं कि कौन सा पोलिंग बूथ कितना माइक्रो डोनेशन कर सकता है? पैसा इकट्ठा नहीं करना है, लोगों को जोड़ना है। संगठन का विस्तार करना है और कार्यकर्ता का विकास भी करना है। चुनाव के समय एक-एक वोट की कीमत समझनी है।

वही कैंट विधानसभा की बूथ अध्यक्ष सीमा कुमारी से पीएम ने पूछा कि कोरोना संक्रमण के दौरान अपने क्षेत्र के लोगों से मिलना जुलना हो पा रहा है?, सीमा ने बताया कि दो गज की दूरी से मुलाकात कर रहे हैं। अब तो महिलाओं को न रसोई की धुएं से जूझना पड़ता है न केरोसिन के लिए लाइन लगानी पड़ती है। ये सब आपकी वजह से संभव हुआ है।प्रधानमंत्री ने कहा- मेरा एक आग्रह है- आप ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को स्वयंसहायता समूहों से जोड़ो। उन्हें डिजिटल पेमेंट से जोड़ें। ये बहुत बड़ा काम होगा। आप जइसन बहिन के आशीर्वाद हमार असली शक्ति हउअे। मातृशक्ति प्रसन्न हौ ना...?मनोज कुमार पटेल से मोदी ने पूछा कि आप लोग अपने क्षेत्र में गरीब परिवारों की सुध ले रहे हैं या नहीं? मनोज ने बताया कि हम टोली बनाकर लोगों से बात करते हैं, उनका हाल लेते हैं। लोग यही बताते हैं कि मुफ्त राशन की उन्हें कल्पना नहीं थी। वे आभार व्यक्त करते हैं।