दहेज मांग पर दुल्हन ने मंडप में ही तोड़ी शादी, अपमान से आहत दुल्हन ने मंच पर ही लिया शादी तोड़ने का फैसला
दूल्हे की मां ने शादी के दिन मांगे 25 हजार रुपये अतिरिक्त, पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया
वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र के बसही इलाके में रविवार रात एक दुल्हन ने दहेज प्रथा के खिलाफ साहसिक कदम उठाते हुए शादी के मंडप से ही विवाह करने से इंकार कर दिया। शादी का उत्सव तब तनाव में बदल गया जब लड़के वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग कर लड़की पक्ष पर दबाव बनाना शुरू किया। परिजनों के अनुसार, दुल्हन के पिता ने कर्ज लेकर समारोह धूमधाम से आयोजित किया था और अधिकांश दहेज की वस्तुएं पूर्व सहमति के अनुसार दे भी दी थीं। लेकिन शादी के दिन दूल्हे की मां मात्र पच्चीस हजार रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर विवाद खड़ा कर बैठीं।

उन्होंने सार्वजनिक रूप से दुल्हन के पिता का अपमान भी किया। यह सुनते ही दुल्हन ने मंच पर ही शादी तोड़ने का निर्णय सुना दिया। दुल्हन के फैसले से बारात पक्ष में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे को स्टेज से नीचे उतार दिया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख दुल्हन ने खुद पुलिस को फोन किया। सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया। दुल्हन पक्ष की तहरीर पर दहेज मांगने और उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











