पुल से प्रेमी-प्रेमिका ने लगाई छलांग, यमुना में मिले बैग से पहचान में जुटी पुलिस

प्रयागराज । नए यमुना पुल से प्रेमी-प्रेमिका ने हाथ पकड़कर नदी में छलांग लगा दी। बाढ़ की वजह से दोनों की बॉडी गहराई में चली गई। जल पुलिस और गोताखोर नदी में करीब 8 से 10 ङे में रेस्क्यू आॅपरेशन चला रहे हैं, नदी में जाल भी डाला गया है। मगर अभी दोनों की बॉडी नहीं मिली है।
जहां दोनों ने छलांग लगाई, वहां पानी में एक बैग उतराता हुआ मिला है। इस बैग में मिले 10वीं के सर्टिफिकेट की मदद से लड़की की पहचान हो सकी है। लड़की का नाम ज्योति गुप्ता है, वह करछना के बगुरा लकटहा की रहने वाली है।
शनिवार की सुबह 7.30 बजे यमुना पुल पर एक लड़का और लड़की पहुंचे। उन्होंने पुल पर बनी रेलिंग को लांघ लिया। फिर रेलिंग पर बैठ गए। लोगों ने उन्हें देखा तो चिल्लाने लगे। वीडियो भी बनाया। लोग उन्हें रोक रहे थे, बचाने के लिए दौड़े। मगर लड़की और लड़का एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में कूद गए।
कोई उन्हें बचा नहीं पाया। नदी के करीब ही जल पुलिस के जवान और गोताखोर मौजूद थे। मोटर बोट की मदद से सुबह 8 बजे रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने लड़की के पिता राम आसरे गुप्ता को इस घटना की जानकारी भेज दी।
कीड़गंज थाने के इंस्पेक्टर संजय कुमार के मुताबिक, ये लव अफेयर का मामला लग रहा है। लड़की 11वीं की छात्रा थी। लड़के की पहचान नहीं हो सकी है। नदी का पानी बढ़ा हुआ है, इसलिए बॉडी को ढूंढने में दिक्क्त हो रही है। लड़की के परिवार वालों के आने के बाद लड़के के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।
प्रयागराज जल पुलिस इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ भी मौके पर पहुंचे। उनकी निगरानी में गोताखोरों ने काफी गहराई तक यमुना में ढूंढा, लेकिन दोनों की बॉडी नहीं मिल पाई। जल पुलिस के मुताबिक, एक बैग पानी में उतराता मिला, उसमें एक डायरी और कुछ डाक्यूमेंट्स थे।