अयोध्या के गेस्ट हाउस में महिलाओं का नहाते हुए बना रहा था वीडियो, रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, फोन में मिले कई अश्लील फुटेज

(रणभेरी): आयोध्या से एक शर्मनाक और चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। राम मंदिर के सामने राजा गेस्ट हाउस में ठहरी महिला श्रद्धालुओं ने वहां के एक कर्मचारी पर नहाते समय वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। अयोध्या पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। वहीं, गेस्ट हाउस को सील कर दिया। गेस्ट हाउस को सील करने की कार्रवाई अयोध्या पुलिस और अयोध्या विकास प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से की है।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे की है। महिला श्रद्धालु जब गेस्ट हाउस के बाथरूम में नहा रही थीं, तभी वहां काम करने वाला एक युवक चुपके से उनका वीडियो बना रहा था। महिला ने जैसे ही यह देखा, शोर मचाया और अन्य श्रद्धालु भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया और राम जन्मभूमि थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें महिलाओं के नहाते हुए 10 वीडियो मिले। पूरा मामला राजा गेस्ट हाउस का है। गेस्ट हाउस राम मंदिर के गेट नंबर 3 से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर है।
30 साल की महिला श्रद्धालु ने बताया- हम 5 लोग वाराणसी से राम मंदिर दर्शन करने के लिए गुरुवार को अयोध्या आए थे। शाम होने के चलते राम मंदिर के पास ही राजा गेस्ट हाउस में 2 कमरे बुक किए। एक कमरे का 500 रुपए चार्ज किया था। मैं सुबह 6 बजे बाथरूम में नहाने गई। बाथरूम के ऊपर टीन शेड था। मैं नहा रही थी, तभी अचानक मेरी नजर ऊपर पड़ी तो परछाई दिखाई दी। फिर मैंने देखा कोई मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसके बाद मैं डर गई। चिल्लाई और कपड़े पहनकर तुरंत बाहर की ओर भागी। गेस्ट हाउस में रुके यात्री भी दौड़े। उन्होंने वीडियो बना रहे युवक को पकड़ लिया, फिर पुलिस को सूचना दी।
आरोपी का नाम सौरभ है। वह बहराइच के पयागपुर का रहने वाला है। वह गेस्ट हाउस में कुक का काम करता है। गेस्ट हाउस में 20 कमरे हैं, जिन्हें प्लाईबोर्ड से बांटकर बनाया गया है। बाथरूम सभी के लिए कॉमन था। बाथरूम के ऊपर टिनशेड लगा है। ऊपर के हिस्से में हल्का सा गैप है, वहीं से आरोपी वीडियो बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, गेस्ट हाउस बिना नक्शा पास कराए बनाया गया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने संचालक ज्ञानचंद्र जायसवाल को नोटिस भेजा है। गेस्ट हाउस संचालक ज्ञानचंद्र जायसवाल ने कहा कि रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया गया है। CCTV भी लगाए जा रहे हैं।
सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि होटल को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। राम जन्मभूमि SHO अभिमन्यु शुक्ला ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी के मोबाइल में 10 वीडियो मिले हैं।