महोबा में पहाड़ पर काम करते समय पत्थर गिरने से दो मजूदरों की मौत, मची भगदड़
वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बुधवार को यहां पहाड़ में काम करते समय पत्थर के बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना से काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पाते ही एसपी और डीएम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश कर दिए है। दो घंटे तक घटनास्थल पर कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना कबरई के गंज गांव निवासी मधु अनुरागी (26) व महेंद्र अहिरवार (20) गांव के ही एक पहाड़ पर काम करते थे। बुधवार सुबह दोनों मजदूर 200 फीट गहरी खदान में ब्लास्टिंग के लिए छेद कर रहे थे। तभी ऊपर से पत्थर खिसकने से दोनों युवक पत्थर में दब गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अन्य श्रमिक वहां से भाग निकले। दो मजदूरों की मौत की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना थाना कबरई पुलिस को दी गई। मौके पर किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों व परिजनों का आरोप है कि बिना सुरक्षा मानक श्रमिकों से काम कराया जा रहा है।दो श्रमिकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।