इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के अदम्य साहस और उनके परिश्रम को बेकार नहीं जाने दूंगा: अजय राय

इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के अदम्य साहस और उनके परिश्रम को बेकार नहीं जाने दूंगा: अजय राय

वाराणसी सिटीउत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने रविवार शाम इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं और लोकसभा चुनाव में मिले जनादेश का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के अदम्य साहस और उनके परिश्रम को बेकार नहीं जाने दूंगा। गठबंधन के सम्मानित और बहादुर कार्यकर्ताओं पर हमें नाज है। आप मेरे हो, मेरे परिवार जैसा। हमें बैठना नहीं हैं। हमें लगातार संघर्ष करना है। हम सबको मुट्ठी बांधकर पूरी ताकत के साथ खड़े रहना है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मंड़ुवाडीह-मुढ़ैला में गठबंधन की ओर से आयोजित आभार कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वाराणसी में लोकसभा चुनाव ने भारतीय लोकतंत्र को एक मजबूत दिशा दी है। इस चुनाव में धनतंत्र के आगे लोकतंत्र जिस आत्मविश्वास से पूरी दृढ़ता के साथ खड़ा रहा, वह पूरे देश के लिए एक मजबूत संदेश देने वाला है। विषम परिस्थितियों में भी हमारे गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके समूचे तंत्र को ध्वस्त कर दिया। लोकसभा चुनाव तो सिर्फ आगाज है, हम आगे पूरी ताकत के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जो भी कमियां रही हैं, हम उसे मिलकर दूर करेंगे और 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार हमारी होगी। 2024 का चुनाव बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखे संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव था। मुझे खुशी है कि हमारे देश की जनता ने फासिस्ट ताकतों के इस अलोकतांत्रिक मंसूबे को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस तरह से नीट, नेट, पुलिस भर्ती आदि परीक्षाओं में भ्रष्टाचार हुआ है, उससे देश की जनता का भरोसा और विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है। आज देश के लाखों करोड़ों युवा और उनके अभिभावक हताश हैं। लगातार पेपर लीक की घटनाओं से पूरा देश हतप्रभ है। इस पूरे प्रकरण में कुल चौतीस लाख बच्चे प्रभावित हुए हैं। 

समारोह को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष सुजीत सिंह यादव, रामशंकर पटेल, लालमणि वर्मा, प्रजानाथ शर्मा, प्रोफेसर सतीश राय, डॉ प्रमोद पांडेय, प्रकाश सिंह, रमा सोनकर आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय भाषण देते हुए पूर्व विधायक स्व. ऊदल की बिटिया रमा ऊदल ने कहा कि हम सब मजबूती से चुनाव लड़े हैं। यह हमारी नैतिक जीत है। आने वाला समय इंडिया गठबंधन का है। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र सिंह और आभार ज्ञापन कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने किया।