कांग्रेस स्थापना दिवस पर झंडा फहराने पहुंची सोनिया के हाथों में गिरा पार्टी का झंडा

कांग्रेस स्थापना दिवस पर झंडा फहराने पहुंची सोनिया के हाथों में गिरा पार्टी का झंडा

(रणभेरी): कांग्रेस आज 137वां स्थापना दिवस पर मना रही है। इस अवसर पर दिल्ली समेत विभिन्न प्रदेशों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। राजधानी दिल्ली में स्थित पार्टी कार्यालय पर स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे। समारोह के दौरान जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराने पहुंची थीं, लेकिन डोरी खींचते ही झंडा उनके ऊपर आ गिरा।

आखिरकार सोनिया गांधी ने हाथ से ही पार्टी का झंडा फहराया। इस पूरे वाकये के दौरान सोनिया कहीं भी विचलित नहीं नजर आईं, उनका रिएक्शन बेहद शांत रहा।स्थापना दिवस के दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि हमारी विरासत गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है।

देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर शुभकामनाएं दी। राहुल गांधी ने इस मौके पर ट्वीट कर कहा, 'हम कांग्रेस हैं- वो पार्टी जिसने हमारे देश में लोकतंत्र की स्थापना की और हमें इस धरोहर पर गर्व है।'