वाराणसी से स्पाइस जेट की दिल्ली और मुंबई की दो फ्लाइटें बंद, यात्रियों की मुश्किल बढ़नी तय

वाराणसी से स्पाइस जेट की दिल्ली और मुंबई की दो फ्लाइटें बंद, यात्रियों की मुश्किल बढ़नी तय

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइस जेट की दो फ्लाइटें बंद कर दी गई हैं। अब दिल्ली की एक फ्लाइट ही चल रही है। इससे यात्रियों की मुश्किल बढ़नी तय है। फ्लैक्सी रेट के हिसाब से ज्यादा किराया देना पड़ सकता है। ऐसे में दिल्ली व मुंबई का सफर महंगा हो जाएगा। गो-फर्स्ट की तीन उड़ानें पहले ही रद्द हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक, स्पाइस जेट ने मार्च में जारी समर शेड्यूल में तीन फ्लाइटों के उड़ान का ब्योरा दिया था। इनमें दो फ्लाइटें दिल्ली और एक की मुंबई की थी। अब मुंबई और दिल्ली की एक-एक फ्लाइट बंद कर दी गई है। दिल्ली की जो फ्लाइट बंद हुई, वह 72 सीटर थी। मुंबई की फ्लाइट 142 यात्रियों को लेकर जा और आ रही थी। जो फ्लाइटें बंद हुई हैं, वह पूरी यात्री क्षमता के साथ आ-जा रही थीं। बताया जा रहा है कि डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने पुराने इंजन के साथ फ्लाइटों के उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी है। इस कारण विमानन कंपनी ने फ्लाइटों को बंद करने का फैसला कर लिया।