Pahalgam Attack: हनीमून पर गए थे लेफ्टिनेंट विनय, आंतकियों ने नाम पूछकर मारी गोली,

Pahalgam Attack:  हनीमून पर गए थे लेफ्टिनेंट विनय, आंतकियों ने नाम पूछकर मारी गोली,

(रणभेरी): जम्मू कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने जिन पर्यटकों की जान ली है। उनमें हरियाणा में करनाल के रहने वाले नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल हैं। लेफ्टिनेंट विनय की 7 दिन पहले ही गुरुग्राम की हिमांशी नरवाल से शादी हुई थी। वे दोनों 21 अप्रैल को हनीमून मनाने के लिए पहलगाम गए थे। अगले ही दिन, 22 अप्रैल को विनय की हत्या कर दी गई। विनय की मौत की सूचना मिलते ही उनके पिता, बहन और ससुर रात को ही कश्मीर रवाना हो गए। जहां बुधवार सुबह विनय का पोस्टमॉर्टम हुआ। जिसके बाद पार्थिव देह हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंच गई है। जहां उन्हें नेवी के हेडक्वार्टर में श्रद्धांजलि दी गई।

विनय की बुआ माया देवी ने बताया कि रिसेप्शन के बाद ही नवविवाहित जोड़ा हनीमून पर गया था। सेक्टर सात स्थित घर शादी की खुशियों से सराबोर था। मेहमान जा चुके थे। परिवार में शादी की बातें ही चल रही थीं। घर में दादा हवा सिंह पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त है। पिता राजेश केंद्र के कस्टम विभाग में हैं। मां आशा गृहिणी हैं। दादी बीरू देवी भी गृहिणी हैं। बहन सृष्टि, विनय से छोटी हैं। 26 साल के विनय शादी के लिए छुट्टी पर आए हुए थे। बुआ ने बताया कि परिवार के लोगों को दोपहर में खबर मिली कि पहलगांव में आतंकी हमला हुआ है। यह सुनते ही परिवार के सभी लोग स्तब्ध रह गए और दुआ करने लगे कि हमारा लाल सुरक्षित रहे।

लेकिन, थोड़ी ही देर में फोन पर मनहूस खबर आ गई। बताया गया कि विनय को गोली लगी है। हालत गंभीर है। अस्पताल ले जाया गया है। हिमांशी को भी घायल बताया गया। खबर सुनते ही माता-पिता, रिश्तेदारों के साथ रवाना हो गए। बुआ ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान विनय की मौत हो गई। देर रात घर के बाहर काफी लोग पहुंच गए।  सोशल मीडिया पर हमले के बाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि लेफ्टिनेंट विनय घायल पड़े हैं, जबकि पास बैठी हिमांशी रो रही हैं। फोटो देखकर लोग भावुक हो गए। उधर देर रात विनय के घर के बाहर भी काफी संख्या में लोग पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम नजर आई।