इंटर के छात्र ने प्रिंसिपल को गोलियों से भूना, हालत गंभीर

इंटर के छात्र ने प्रिंसिपल को गोलियों से भूना, हालत गंभीर

(रणभेरी): सीतापुर जिले के सदरपुर थाना इलाके में हांगीराबाद के आदर्श रामस्वरूप इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को इंटर के दो छात्रों ने गोली मार दी। छात्र ने तीन राउंड गोलियां चलाई जो प्रधानाचार्य को लग गईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली, सिर और जांघ में लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा निवासी दानपुरवा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां लाया गया है जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ भेज दिया गया है। प्रधानाचार्य की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सदरपुर थाना इलाके के जहांगीराबाद कस्बे में आदर्श रामस्वरूप विद्यालय इंटर कॉलेज स्थित है। जहां पर दानपुरवा गांव के निवासी राम सिंह वर्मा प्रधानाचार्य हैं। यह विद्यालय उनके बाबा के नाम पर चलता है। शुक्रवार को इंटर छात्र रेवान निवासी गुरविंदर सिंह और रोहित मौर्य के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिस पर प्रधानाचार्य ने बीचबचाव किया था। जिसके बाद मामला शांत हो गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा विद्यालय के बाहर बन रही दुकानों की देखरेख कर रहे थे। इस दौरान गुरविंदर सिंह अपने बस्ते में असलहा लेकर आया और राम सिंह वर्मा के ऊपर गोलियां चला दी। पहली गोली उनको छूते हुए निकल गई। इसके बाद वे विद्यालय की ओर भागे तो गुरविंदर ने दूसरी गोली उनके सिर पर मारी और तीसरी गोली उनके पेट पर मार दी।
इसी दौरान कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर आ गया। इसे देखकर गुरविंदर वहां से फरार हो गया।

एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है।घटना के बाद गांव में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। वारदात से हर कोई हैरान है।प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है।घटनास्थल का एक दृश्य। जमीन पर खून के छींटे नजर आ रहे हैं।पूरे गांव में इस वारदात की चर्चा हो रही है।