ठंड का प्रकोप : शीतलहर की चेतावनी के बाद दो दिन स्कूल बंद

ठंड का प्रकोप : शीतलहर की चेतावनी के बाद दो दिन स्कूल बंद

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड का कहर झेल रहा है। रविवार रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात गुजरी। सोनभद्र के चुर्क में 4.9 डिग्री तापमान रहा तो लखनऊ में पारा 5.5 डिग्री तक लुढ़क गया। शीतलहर को देखते हुए वाराणसी में 23 और 24 को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वाराणसी से सटे चंदौली में भी 23 और 24 को स्कूल बंद रहेंगे। ऐसे में चार दिन स्कूल बंद हो जाएंगे। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सरकारी और गैरसरकारी स्कूलों को 23 और 24 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। 25 को क्रिसमस के कारण स्कूल पहले से बंद हैं।

26 को रविवार के कारण बंद रहेंगे। अगर रविवार को भी मौसम का रुख ऐसा ही रहा तो छुट्टी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि अगले तीन से चार दिनों तक भीषण शीतलहर की चेतावनी दी गई है। इसके कारण दिन के तापमान में अत्यधिक गिरावट की संभावना है। शीतलहर को देखते हुए 23 और 24 दिसंबर को जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी के साथ ही सीबीएसई, आईसीएससी वाले स्कूल भी बंद रहेंगे। वाराणसी समेत प्रदेश में अगले दो दिन पारा और गिरने की संभावना है। इसके बाद गुरुवार से मामूली राहत मिलने का अनुमान है। 

मौसम ने पिछले चार दिनों से मिजाज बदला है। चार दिन पहले न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। इसके बाद से न्यूनतम तापमान नीचे गिरता जा रहा है। बीती रात लखनऊ में रात 2.30 बजे के आसपास पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह हल्की घुंध रही। सुबह सात बजे तापमान 8 डिग्री और नौ बजे 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण ठण्ड के चलते जिले में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।