विवाह के बाद ससुराल जा रही दुल्हन प्रेमी के साथ फुर्र,कार में बैठा दूल्हा ताकता रह गया

विवाह के बाद ससुराल जा रही दुल्हन प्रेमी के साथ फुर्र,कार में बैठा दूल्हा ताकता रह गया

वाराणसी(रणभेरी): वाराणसी के जंसा थाना जंसा क्षेत्र में एक गांव बलुआ में शादी के बाद बीच रास्ते में दूल्हे को छोड़ दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई। दूल्हा उसी कार में बैठा रह गया, जिससे वह दुल्हन को विदा कराकर ला रहा था।

वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र से शादी के बाद ससुराल जा रही नई-नवेली दुल्हन रास्ते में प्रेमी के संग फरार हो गई। दूल्हे ने इसकी जानकारी दुल्हन के स्वजन को दी तो वो भी चौंक गए। जंसा क्षेत्र के एक गांव की युवती का विवाह शनिवार की रात को बड़ागांव के बलुआ (कुड़ी) के युवक के साथ हुआ। शनिवार को बड़ी धूमधाम से बरात आई। इसके बाद रविवार को अलसुबह दूल्हे के कार में दुल्हन विदा हुई। बीच रास्ते में कार के सामने अचानक एक स्कार्पियो गाड़ी आकर रुकी। दुल्हन ने दूल्हे से कहा कि रिश्तेदार हैं, मिलकर आ रही हूं।इसी बीच दुल्हन अपना हैंडबैग लेकर स्कार्पियो में गई और कुछ ही देर बाद स्कार्पियो बड़ागांव की ओर मुड़ गई। अचानक इस घटना से हतप्रभ दूल्हे ने कुछ देर तक स्कार्पियो का पीछा किया फिर लौट आया। अचानक हुई इस घटना की जानकारी दूल्हे ने अपने परिजनों को देते हुए दुल्हन पक्ष के लोगों को भी दी। घटना के बाद बराती संग दूल्हा बगैर दुल्हन के घर लौटा। तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। दूल्हे का आरोप है कि दुल्हन अपने संग शादी में मिले जेवर भी ले गई। जंसा थाना प्रभारी प्रेम नारायण विश्वकर्मा के अनुसार अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।