...मानों ठिठक सा गया वक़्त

...मानों ठिठक सा गया वक़्त

मुंबई । देश के जाने-माने उद्योगपति और टाटा संस के आजीवन चेयरमैन एमिरेट्स रतन टाटा नहीं रहे। वे दुनिया के सबसे प्रभावशाली उद्योगपतियों में से एक थे। उनके पास 30 से ज्यादा कंपनियां थीं। उनके 86 वर्ष की आयु में निधन के बाद उद्योग जगत में शोक की लहर है। भारत के दिग्गज कारोबारियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

मैंने अपना दोस्त खो दिया : अंबानी

असल में रिलायंस के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने रतन टाटा को भारत के सबसे प्रतिष्ठित और परोपकारी बेटों में से एक बताया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, 'यह भारत और भारतीय उद्योग जगत के लिए बहुत दुखद दिन है। रतन टाटा का निधन न केवल टाटा समूह के लिए बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए बड़ी क्षति है। व्यक्तिगत स्तर पर रतन टाटा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है क्योंकि मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया है।'

टाटा को बेहतर भारत बनाने की गहरी चिंता थी : सुंदर पिचाई

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात हुई थी। यहां हमने वेमो की प्रगति के बारे में बात की और उनका विजन सुनना प्रेरणादायक था। वे एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं और भारत में आधुनिक व्यावसायिक नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें भारत को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी। 

टाटा सिर्फ एक कारोबारी नेता नहीं थे : अदाणी

वहीं अरबपति गौतम अदाणी ने कहा, 'भारत ने एक दिग्गज, एक दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया, जिन्होंने आधुनिक भारत के मार्ग को फिर से परिभाषित किया।  रतन टाटा सिर्फ एक कारोबारी नेता नहीं थे, उन्होंने ईमानदारी, करुणा और व्यापक भलाई के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की भावना को मूर्त रूप दिया। उनके जैसे दिग्गज अमर रहते हैं। ओम शांति।'

आपको भुलाया नहीं जाएगा : आनंद महिंद्रा

उद्योग जगत के एक अन्य दिग्गज आनंद महिंद्रा ने भी टाटा के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था ऐतिहासिक छलांग लगाने के कगार पर खड़ी है। इस स्थिति में आने में रतन का बहुत बड़ा योगदान है। 

घड़ी की सुई थम गई : गोयनका

आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने एक्स पर कहा, 'घड़ी की सुई थम गई है। टाइटन अब नहीं रहे। 

अलविदा दोस्त, ये दुख बर्दाश्त करना मुश्किल : सिमी ग्रेवाल

रतन टाटा ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उम्र संबंधी तकलीफों के चलते 86 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर देशभर में लोग गमगीन हैं। बॉलीवुड के सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बिजनेस टाइकून के निधन की खबर सुनकर सिमी ग्रेवाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सिमी ग्रेवाल और रतन टाटा काफी करीबी दोस्त रहे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके अफेयर के भी दावे किए गए। रतन टाटा के दुनिया से चले जाने पर सिमी गमगीन हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने बेस्ट फ्रेंड के लिए बेहद भावुक नोट लिखा है। सिमी ग्रेवाल ने अपने एक्स अकाउंट से अपनी और रतन टाटा की एक पुरानी तस्वीर साझा की है। इसके साथ लिखा है, 'वे कह रहे हैं कि तुम चले गए...., तुम्हारे जाने का दुख बर्दाश्त कर पाना मुश्किल है। बहुत मुश्किल, अलविदा मेरे दोस्त'।