दानपात्र का ताला तोड़ नकदी ले उड़े चोर, दो साल पहले भी मंदिर से चांदी की बिंदी चोरी हुई थी
वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित जिवधीपुर भरौटी इलाके में प्राचीन सती माता मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें जमा नकदी पार कर दी। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। मंदिर के पुजारी के अनुसार, दोपहर में मंदिर खुला था और इसी दौरान चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। शाम को पूजन और सफाई के दौरान टूटा ताला देखकर चोरी की जानकारी हुई। पुजारी ने इसे मंदिर की सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए कहा कि चोरों ने आस्था के केंद्र को निशाना बनाया है।
सूचना मिलने पर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे न होने से पुलिस को शुरुआती जांच में परेशानी हो रही है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि दो वर्ष पहले भी मंदिर से करीब 20 भर चांदी की बिंदी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका। लोगों ने इस बार जल्द कार्रवाई की मांग की है।
