शादी टूटने से नाराज युवक ने प्रेमिका के घर के बाहर खुद को मारी गोली, मौत

शादी टूटने से नाराज युवक ने प्रेमिका के घर के बाहर खुद को मारी गोली, मौत

10 साल से युवती से थी बातचीत, शादी दूसरी जगह तय होने पर दे रहा था ब्लैकमेल करने की धमकी; एक दिन पहले थाने में हुआ था समझौता

(रणभेरी): जिले के हरैया क्षेत्र के बसेवा राय गांव में बुधवार सुबह एक युवक ने प्रेमिका के घर के बाहर खुद को गोली मारकर जान दे दी। युवक की पहचान ठाकुरपुर निवासी 30 वर्षीय शिवकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती से उसका रिश्ता पहले परिवार की सहमति से तय हुआ था, लेकिन बाद में शादी टूट गई और युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया गया। इससे नाराज शिवकुमार लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी का दबाव बना रहा था।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे शिवकुमार युवती से मिलने उसके घर पहुंचा। परिवार के लोगों ने उसे घर के बाहर ही रोक दिया। इस पर उसने धमकी दी कि अगर मिलने नहीं दिया तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद उसने जेब से तमंचा निकालकर अपनी कनपटी पर लगा लिया और घर के बाहर टहलने लगा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवती के परिजनों और गांव के लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब पांच मिनट तक तमंचा लेकर टहलने के बाद उसने तमंचा सीने पर रखकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, शिवकुमार और युवती के बीच करीब 10 साल से बातचीत थी। दोनों का रिश्ता पहले परिवार की ओर से तय किया गया था, लेकिन बाद में युवती ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। आरोप है कि शिवकुमार युवती की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो उसके परिजनों को भेजकर उन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा था। इस संबंध में शिकायत मिलने पर मंगलवार को परशुरामपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। वहां समझौते के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर बदलकर बातचीत बंद करने पर सहमति जताई थी। युवक ने फोटो और वीडियो डिलीट करने की बात भी कही थी।

होने वाले ससुराल पहुंचकर भी किया था विरोध

युवती की दादी के मुताबिक, उनकी पोती ने शिवकुमार से शादी करने से इनकार कर दिया था। उनका आरोप है कि युवक शराब और गांजे का सेवन करता था। युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय होने की जानकारी मिलने पर शिवकुमार उसके होने वाले ससुराल भी पहुंच गया था। वहां उसने खुद को युवती का दोस्त बताते हुए शादी न करने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पंचायत कराई गई थी, ताकि शादी के दौरान वह कोई विवाद न करे।

युवती ने अफेयर से किया इनकार

युवती ने शिवकुमार के साथ प्रेम संबंध होने से इनकार किया है। उसका कहना है कि युवक ने उसकी शादी तुड़वा दी थी। उसने इस संबंध में परशुरामपुर थाने में शिकायत भी की थी। युवती के मुताबिक, शिवकुमार उसे धमकी देता था कि वह खुदकुशी कर लेगा और उसके परिवार को फंसा देगा।

परशुरामपुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *