त्योहार के बाद घर लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें, दो घंटे ठप रही आईआरसीटीसी की ई-टिकट सेवा

त्योहार के बाद घर लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें, दो घंटे ठप रही आईआरसीटीसी की ई-टिकट सेवा

सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक वेबसाइट और ऐप पर नहीं हुई बुकिंग, तत्काल व सामान्य टिकट के लिए परेशान रहे यात्री

वाराणसी (रणभेरी): दीपावली की छुट्टियां मनाकर दिल्ली और मुंबई समेत बड़े शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों को मंगलवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ई-टिकट बुकिंग सेवा ठप रही। त्योहार के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़ और छठ पर्व को लेकर यात्रियों के अतिरिक्त दबाव के बीच ऑनलाइन टिकट बुकिंग बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।

यात्रियों के मुताबिक, वेबसाइट और ऐप पर बार-बार लॉगिन करने के बावजूद ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता नहीं दिख रही थी। कई यात्रियों का पेमेंट बीच में ही अटक गया, जबकि कुछ को टिकट कन्फर्म होने से पहले ही सेशन समाप्त होने की समस्या का सामना करना पड़ा। तत्काल और सामान्य टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहे यात्री घंटों परेशान रहे।

मेंटेनेंस का संदेश देखकर बढ़ी नाराजगी

बुकिंग सेवा बाधित रहने के दौरान आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट पर डाउनटाइम मेंटेनेंस का संदेश दिखाई दे रहा था। त्योहार के बाद घर लौटने की जल्दबाजी और ट्रेनों में सीमित सीटों के बीच इस समस्या ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। ऑनलाइन टिकट नहीं बनने के कारण रेलवे स्टेशनों के पूछताछ काउंटरों और साइबर कैफे में भी यात्रियों की भीड़ जुटने लगी।

दोपहर बाद बहाल हुई सेवा

त्योहारी सीजन में पहले से ही ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बना हुआ है। दीपावली के बाद वापसी की भीड़ के साथ छठ पर्व के कारण भी रेलवे पर अतिरिक्त दबाव है। ऐसे समय में करीब दो घंटे तक ई-टिकटिंग सेवा बाधित रहने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, आईआरसीटीसी के अनुसार दोपहर बाद वेबसाइट और ऐप पर ई-टिकट बुकिंग सेवा दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *