500 साल पुरानी परंपरा का होगा निर्वहन, 25 फीट लंबी पूंछ और नौ विशाल फनों वाले कालिया नाग का होगा मंचन
वाराणसी (रणभेरी): धर्म और परंपराओं की नगरी काशी में एक बार फिर द्वापर युग की अद्भुत छटा साकार होने जा रही है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर शुक्रवार को तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का आयोजन होगा। इस दौरान मोक्षदायिनी मां गंगा कालिंदी यानी यमुना का स्वरूप धारण करेंगी और गंगा तट पर भगवान श्रीकृष्ण की कालिया नाग मर्दन लीला जीवंत हो उठेगी। काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शामिल इस आयोजन को देखने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
नागनथैया लीला की परंपरा करीब 500 वर्ष पुरानी है। इसकी शुरुआत 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने की थी। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, गोस्वामी तुलसीदास ने रामलीला के साथ ही इस अनूठी कृष्णलीला का भी सूत्रपात किया था। तभी से अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वावधान में यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। लीला के दौरान पारंपरिक दोहों और चौपाइयों का सस्वर पाठ किया जाता है।
इस आयोजन की एक खास परंपरा काशिराज परिवार से भी जुड़ी है। हर वर्ष काशिराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह शाही बजड़े पर सपरिवार पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करते हैं और विशेष नजराना अर्पित करते हैं। इस दौरान गंगा की लहरों के बीच शाही बजड़े की मौजूदगी आयोजन की भव्यता को और बढ़ा देती है।
नौ फन वाला कालिया नाग बनेगा आकर्षण
तुलसी घाट पर लीला की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कालिया नाग के विशाल काष्ठ स्वरूप को रंग-रोगन कर अंतिम रूप दिया जा रहा है। कारीगरों के अनुसार, इस बार भी नाग की पूंछ करीब 25 फीट लंबी बनाई गई है। उसके नौ फन होंगे और प्रत्येक फन की ऊंचाई व चौड़ाई लगभग साढ़े तीन फीट रखी गई है।
लीला के दिन इस विशालकाय कालिया नाग को बांस के सहारे गंगा के पानी में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण कालिया नाग के फनों पर चढ़कर उसका मान मर्दन करेंगे। गंगा की लहरों के बीच होने वाला यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पांच शताब्दियों से कायम है आस्था की परंपरा
नागनथैया केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का प्रतीक है। पांच शताब्दियों से अधिक समय से चली आ रही इस परंपरा में आज भी वही पारंपरिक स्वरूप और धार्मिक भाव कायम है। हर वर्ष हजारों-लाखों श्रद्धालु इस अद्भुत लीला के साक्षी बनने के लिए तुलसी घाट पहुंचते हैं। काशी में गंगा के बीच कृष्ण की कालिया नाग मर्दन लीला का दृश्य इस आयोजन को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाता है।
