दो मासूम बहनों की जिंदगी लील गया मौत का मलबा

दो मासूम बहनों की जिंदगी लील गया मौत का मलबा
  • आधी रात को भरभराकर गिरी मकान की दीवार, मलबे के साथ घर में घुसा तालाब का पानी
  • सात घंटे तक चला बचाव अभियान, सुबह 7:30 बजे निकाले जा सके मासूमों का शव
  • बेटियों को बचाने के लिए चीखते रहे मां-बाप, दो अन्य बच्चे सुरक्षित, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी (रणभेरी): आधी रात तक जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां सुबह होते-होते मातम पसरा था। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिम पूरा में तालाब किनारे बने मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। बरामदे में सो रहे परिवार के सदस्यों पर दीवार का भारी मलबा आ गिरा। इसके साथ ही तालाब का पानी भी घर में घुस गया। मलबे और पानी के बीच फंसी दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता घायल हो गए। हादसे में सात वर्षीय आफिया और चार वर्षीय पलक की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों की नींद खुल गई। घर के भीतर से बच्चों को बचाने की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। दीवार का मलबा और तालाब का पानी मकान के अंदर भर चुका था। माता-पिता किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दोनों बच्चियां मलबे और पानी के बीच फंस गईं। ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरे और पानी के कारण सफलता नहीं मिली।

दो मासूम बहनों की जिंदगी लील गया मौत का मलबा

सात घंटे तक जिंदगी की तलाश, सुबह मिला मौत का मंजर

सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलता रहा। पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने मिलकर बच्चियों की तलाश की। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7:30 बजे दोनों बच्चियों के शव मलबे से बाहर निकाले जा सके। बेटियों के शव देखते ही मां तबस्सुम और पिता अजुद्दीन उर्फ कल्लू बदहवास हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

दो मासूम बहनों की जिंदगी लील गया मौत का मलबा

दादा ने तालाब में लगाई छलांग, फिर भी नहीं बचा सके पोतियां

बच्चियों के दादा सिराजुद्दीन ने बताया कि हादसे के समय उनका बेटा, बहू और चारों बच्चे मकान में सो रहे थे, जबकि वह बाहर सोए थे। दीवार गिरने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो बेटा-बहू बच्चों को बचाने के लिए चिल्ला रहे थे। वह तत्काल तालाब में कूद पड़े और बच्चियों की तलाश करने लगे। उनके भाई और ग्रामीण भी पानी में उतरे, लेकिन दोनों मासूमों का पता नहीं चला। बाद में पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान संभाला।

दो मासूम बहनों की जिंदगी लील गया मौत का मलबा

परिवार में चार बच्चे थे, जिनमें रोशनी और एक छोटा बेटा सुरक्षित हैं। सिराजुद्दीन के मुताबिक, मकान चार कमरों का है और वर्ष 2010 में बनवाया गया था। अजुद्दीन अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ एक कमरे में रहते थे। पुलिस के अनुसार, तालाब के नजदीक होने के कारण दीवार में नमी और सीलन से कमजोरी आने की आशंका है। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हुई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *