मां के स्वागत को तैयार हो रही काशी

मां के स्वागत को तैयार हो रही काशी
  • दुर्गा प्रतिमाओं के अभिनव निर्माण में लगे हुए हैं शिल्पकार
  • रात-दिन मेहनत करके शिल्पकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे
  • शेर पर सवार मां दुर्गा की प्रतिमाओं की मांग ज्यादा, मिट्टी का कार्य पूरा, परिधान एवं आभूषण पहनाना शेष

राधेश्याम कमल

वाराणसी (रणभेरी): मिनी बंगाल कही जाने वाली काशी में दुर्गापूजा को लेकर दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। शिल्पकार दुर्गा प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। प्रतिमाओं के निर्माण में मिट्टी का कार्य पूरा हो चुका है। अभी परिधान एवं आभूषण पहनाने का कार्य बाकी है। इस बार शेरावाली मां दुर्गा की डिमांड ज्यादा है।

शिल्पकारों ने शेर पर सवार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को ज्यादा तैयार किया है। देवनाथपुरा स्थित विश्वनाथ मूर्ति कला केन्द्र में शिल्पकार सुनील पॉल, उनके भाई बलराम पॉल, पुत्र शोभनाथ पाल एवं निताई सद्दार कारखाने में दुर्गा प्रतिमाओं को अंतिम स्वरूप देने में लगे हुए हैं। शिल्पकार सुनील पॉल बताते हैं कि इस बार उनके कारखाने में मां दुर्गा की कुल 22 मूर्तियां बनी हैं। इनमें टाउनहाल सार्वजनिक दुर्गाेत्सव समिति की 7 फुट की दुर्गा एवं 4 फुट का महिषासुर, के अलावा लक्ष्मी, गणेश, सरस्वती, कालभैरव, हनुमान, शिव की भी 5 फुट की मूर्तियां हैं। इसी तरह सिगरा अशोक नगर का मयूर क्लब की साढ़े नौ फुट की दुर्गा एवं छह फुट का दहाड़ता हुआ शेर व महिषासुर बन रहा है।

मां के स्वागत को तैयार हो रही काशी

इसी तरह मंडुवाडीह बजरंग क्लब की शेर पर सवार साढ़े 7 फुट की दुर्गा व 5 फुट का महिषासुर , चौकाघाट आजाद र्स्पोंटिग क्लब की 8 फुट की दुर्गा, 6 फुट का महिषासुर, कतुआपुरा मां जगदम्बा दुर्गा पूजनोत्सव का साढ़े 7 फुट की दुर्गा, इंगलिशिया लाइन का 7 फुट की दुर्गा चार फुट का महिषासुर तैयार हो रहा है। गुलाबबाग सिगरा में 7 फुट का विशालकाय शेर पर मां दुर्गा दिखेंगी। मंसाराम फाटक चेतगंज में 7 फुट की दुर्गा दिखेंगी। शिल्पकार शोभनाथ पाल बताते हैं कि जून माह में प्रतिमाओं को तैयार करने का कार्य करने का काम शुरू किया गया था। प्रतिमाओं पर रंगरोगन का कार्य एक-दो दिन में शुरू किया जायेगा। इस बार शेर पर सवार दुर्गा प्रतिमाओं की डिमांड ज्यादा है।

9 अक्टूबर से प्रतिमाओं को पंडालों में ले जाने का सिलसिला शुरू होगा। इसी तरह देवनाथपुरा स्थित देवी मूर्ति भवन के शिल्पकार निर्मल दादा के यहां दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। शिल्पकार मूर्तियों को अंतिम स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। किरहिया खोजवां में कुछ अलग हट कर मां दुर्गा की मूर्तियां बनाने के लिए फेमस अभिजीत विश्वास एवं शीतल चौरसिया भी दुर्गा प्रतिमाओं पर नवीन प्रयोग कर उसे अंतिम स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। शीतल चौरसिया हबीबपुरा चेतगंज स्थित श्रीदुर्गा र्स्पोटिंग क्लब की 12 फुट की मां दुर्गा के अलावा अन्य दुर्गा प्रतिमाओं को बनाने में दुटे हुए हैं।

मां के स्वागत को तैयार हो रही काशी

शिवपुर में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज

शिवपुर में श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति, मिनी स्टेडियम की ओर से दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार पूजा पंडाल को राजस्थान के जयपुर स्थित हवा महल की तर्ज पर सजाया जा रहा है। पंडाल के अंदर राजस्थानी शैली में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बाहर राजस्थानी कला और संस्कृति से जुड़ी झांकियां प्रदर्शित होंगी।

समिति अध्यक्ष सुशांत जायसवाल ने बताया कि पश्चिम बंगाल के करीब 25 कारीगर पिछले डेढ़ माह से पंडाल निर्माण में जुटे हैं। इसमें करीब 4,500 बांस, 2,000 बल्लियां, 7,000 मीटर कपड़ा और थर्माकोल का इस्तेमाल किया जाएगा।

मंत्री राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में चार से पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा के लिए 20 सीसीटीवी कैमरे, 80 वालंटियर और 20 बाउंसर तैनात रहेंगे। पुलिस प्रशासन महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की व्यवस्था करेगा। नगर निगम से मोबाइल टॉयलेट और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। समिति पदाधिकारी करीब दो माह से तैयारियों में जुटे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *