ऋषिकेश में ढलान पर फेल हुए स्कूल बस के ब्रेक, दीवार से टकराकर हवा में लटका अगला हिस्सा; 27 बच्चे बाल-बाल बचे

ऋषिकेश में ढलान पर फेल हुए स्कूल बस के ब्रेक, दीवार से टकराकर हवा में लटका अगला हिस्सा; 27 बच्चे बाल-बाल बचे

फिरोजाबाद से पिकनिक मनाने उत्तराखंड पहुंचे थे स्कूली बच्चे, हादसे में चालक, हेल्पर और प्रिंसिपल घायल; पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला

(रणभेरी): उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। फिरोजाबाद से बच्चों को पिकनिक पर लेकर आई स्कूल बस के ढलान पर अचानक ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा हवा में लटक गया। बस में सवार 27 बच्चों समेत 30 लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। हादसे में बस चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रिंसिपल घायल हो गईं।

हादसा सुबह करीब 9:40 बजे मुनिकीरेती क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे और शिक्षक बाल दिवस (14 नवंबर) के अवसर पर पिकनिक मनाने उत्तराखंड आए थे। शनिवार सुबह सभी बस से लक्ष्मण झूला घूमने और स्नान करने जा रहे थे। बस में 27 बच्चों और तीन स्कूल स्टाफ समेत कुल 30 लोग सवार थे।

बताया गया कि पीडब्ल्यूडी तिराहे की ढलान पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक जयप्रकाश ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बस सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा हवा में लटक गया। घटनास्थल लक्ष्मण झूला से करीब छह किलोमीटर दूर है।

खिड़कियों से बाहर निकाले गए बच्चे

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मुनिकीरेती थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला। खिड़कियों के रास्ते भी बच्चों को सुरक्षित निकाला गया। हादसे के बाद डरे-सहमे बच्चों को पुलिसकर्मियों और शिक्षकों ने संभाला।

चालक, हेल्पर और प्रिंसिपल घायल

हादसे में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रिंसिपल रजनी सारस्वत को चोटें आई हैं। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात रही कि बस में सवार किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।

मधुबन आश्रम में बच्चों के खाने-ठहरने की व्यवस्था

हादसे के बाद पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए उनके ठहरने के लिए मधुबन आश्रम में व्यवस्था कराई। बच्चों के खाने-पीने का भी इंतजाम किया गया। पुलिसकर्मियों ने शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों की देखभाल की और उन्हें सामान्य करने का प्रयास किया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बस का अगला हिस्सा दीवार से टकराने के बाद हवा में लटका नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोग खिड़कियों से बच्चों को बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *