मानसून बाद सड़कें बनाने का आश्वासन देने वाले जिम्मेदार खामोश, बसही-टकटकपुर बाइपास पर 300 से अधिक गड्ढे; महमूरगंज और नदेसर में भी राहगीर परेशान
वाराणसी (रणभेरी): शहर की बदहाल सड़कों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद अब टूटने लगी है। महीनों से सड़क निर्माण और मरम्मत के आश्वासन पर सफर कर रहे लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। मानसून से पहले जिन सड़कों पर थोड़ी-बहुत राहत थी, बारिश के बाद वे पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। हैरानी यह है कि जिन सड़कों को मरम्मत की सबसे ज्यादा जरूरत है, उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। वहीं, जिन सड़कों पर गड्ढे तक नहीं थे, वहां नई लेयर बिछाकर उन्हें चमकाया जा रहा है।
नदेसर में पाइपलाइन बिछाने के लिए कई जगह सड़कें खोद दी गई हैं। इसके बाद गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया। कई स्थानों पर सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि वाहन चालकों को एक पटरी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सिगरा और महमूरगंज में भी सड़कों की स्थिति बदहाल है। मुख्य मार्गों के समानांतर बनी सड़कें भी टूट चुकी हैं। इससे वैकल्पिक रास्तों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है और जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
तीन साल में उखड़ गई सड़क, 300 से ज्यादा गड्ढे
सिंधोरा रोड पर अक्सर जाम की स्थिति रहती है। ऐसे में लोग समानांतर टकटकपुर बाइपास का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह रास्ता भी अब राहत देने के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। बसही चौराहा से टकटकपुर होते हुए प्रतिदिन हजारों बाइक और कार सवार गुजरते हैं। निर्माण के महज तीन साल के भीतर ही सड़क जगह-जगह उखड़ गई। अब इस मार्ग पर 300 से अधिक गड्ढे बन चुके हैं। वाहन चालकों को हर कदम पर संभलकर चलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन साल से सड़क की हालत खराब है, लेकिन इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई।
वीआईपी मार्ग पर एक रात में बिछ गई नई परत
एक ओर बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वीआईपी क्षेत्र की सड़कों को चमकाने में तेजी दिखाई जा रही है। गुरुवार और शुक्रवार की रात भोजूबीर चौराहा से कमिश्नर आवास होते हुए कचहरी चौराहा तक जाने वाली सड़क पर दोबारा लेपन कर दिया गया। एक ही रात में सड़क पर नई परत बिछाकर उसे बेहतर बना दिया गया।
यह मार्ग एक तरफ कमिश्नर आवास और दूसरी तरफ सरकारी कार्यालयों के कारण वीआईपी क्षेत्र में आता है। सड़क पुरानी जरूर हो गई थी, लेकिन यहां गड्ढों जैसी समस्या नहीं थी। इसके विपरीत शहर के कई ऐसे मार्ग हैं, जहां चलना तक मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद उन सड़कों की मरम्मत की अर्जियां अनसुनी की जा रही हैं।
रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर भी परेशानी
महमूरगंज में भी सड़कें जगह-जगह टूट चुकी हैं। रथयात्रा से महमूरगंज के बीच सड़क की हालत खराब है। कई स्थानों पर बीच की सड़क टूटने के कारण दोनों तरफ की पटरियों से वाहनों को गुजरना पड़ रहा है। आनंदनगर महमूरगंज में स्थिति और खराब है। यहां सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अक्सर दूसरे वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
पहले मानसून का बहाना, अब मरम्मत में सुस्ती
जुलाई में जब लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की टूटी सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया था, तब उन्हें मानसून के बाद सड़कें बनाने का आश्वासन दिया गया था। कहा गया था कि बारिश थमते ही निर्माण और मरम्मत का काम शुरू होगा। मानसून के साथ पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी कारणों से हुई बारिश का दौर भी बीत चुका है, लेकिन सड़कों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिन गड्ढों को भरने का भरोसा दिया गया था, वे अब भी राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
चुनाव में मुद्दा बन सकती हैं टूटी सड़कें
विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बदहाल सड़कें लोगों के बीच चर्चा का विषय बनने लगी हैं। जिन इलाकों में सड़कें लंबे समय से टूटी हैं, वहां लोगों में नाराजगी है। बसही निवासी राजेश कुमार का कहना है कि तीन साल से सड़क टूटी हुई है, लेकिन इसकी सुधि लेने कोई नहीं आया। लोगों का सवाल है कि जब वीआईपी क्षेत्र की सड़कों को रातोंरात नया रूप दिया जा सकता है तो आम लोगों की आवाजाही वाले रास्तों की मरम्मत क्यों नहीं हो रही। अगर जल्द ही सड़कों की हालत नहीं सुधरी तो आगामी विधानसभा चुनाव में यह बड़ा मुद्दा बन सकता है।
