(रणभेरी): संत प्रेमानंद महाराज शनिवार को करीब छह महीने बाद एक बार फिर पदयात्रा करते नजर आए। स्वास्थ्य कारणों से उनकी नियमित पदयात्रा स्थगित होने के बाद भक्तों को लंबे समय से उनके इस स्वरूप के दर्शन का इंतजार था। शनिवार सुबह महाराज अपने शिष्यों के साथ यमुना पार कर वृंदावन पहुंचे। उनके स्वागत में श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक फूल बिछाए और जमकर आतिशबाजी की।
महाराज के परिक्रमा मार्ग पर पहुंचते ही पूरा क्षेत्र ‘राधे-राधे’ और ‘श्री हरिवंश’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु सड़क पर दंडवत होकर उन्हें प्रणाम करने लगे। महाराज ने भी दोनों हाथ उठाकर भक्तों को आशीर्वाद दिया। भक्तों की भारी भीड़ और श्रद्धा देखकर वह अपनी गाड़ी से उतर गए और पैदल ही केली कुंज आश्रम की ओर बढ़ने लगे।
स्टीमर से यमुना पार कर पहुंचे वृंदावन
जानकारी के अनुसार, प्रेमानंद महाराज शनिवार सुबह अपने परिकर के साथ यमुनापार बेलवन स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम से निकले। पहले वह गाड़ी से यमुना किनारे पहुंचे। इसके बाद स्टीमर के जरिए यमुना पार कर वृंदावन पहुंचे। परिक्रमा मार्ग पर पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके इंतजार में खड़े थे।
महाराज के पैदल चलते ही भक्तों की भीड़ उनके दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेवादारों ने सड़क के दोनों ओर रस्सियां बांधकर रास्ता बनाया। पुलिस और आश्रम के सेवादारों को महाराज को सुरक्षित केली कुंज आश्रम तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे-जैसे पदयात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई।
27 मई से स्थगित थी नियमित पदयात्रा
स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते प्रेमानंद महाराज की रोजाना निकलने वाली पदयात्रा 27 मई से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद से महाराज सार्वजनिक रूप से नियमित पदयात्रा करते नजर नहीं आए थे। हालांकि, 23 अक्टूबर को आश्रम से केली कुंज जाते समय रास्ते में भावुक भक्तों को देखकर वह अपनी कार से उतर गए थे और कुछ दूर पैदल चले थे।
शनिवार को करीब छह महीने बाद परिक्रमा मार्ग पर फिर वैसा ही नजारा देखने को मिला। भक्तों ने फूलों की वर्षा कर और जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में महाराज के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
भाई दूज पर बुलेट से पहुंचे थे यमुना किनारे
इससे पहले भाई दूज के अवसर पर भी प्रेमानंद महाराज चर्चा में आए थे। वह साधना के लिए बुलेट मोटरसाइकिल से यमुना किनारे पहुंचे थे। बाइक उनके शिष्य और पूर्व रेसलर रिंकू सिंह चला रहे थे। बताया गया कि जिस सुनसान स्थान पर महाराज साधना के लिए गए थे, वहां तक कार से पहुंचना संभव नहीं था। साधना पूरी करने के बाद वह यमुना बिहार कुंज आश्रम लौट गए थे।
कई महीनों से एकांतवास में हैं महाराज
प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ महीनों से एकांतवास में रह रहे हैं। वर्तमान में उनका प्रवास यमुनापार बेलवन के पास स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम में है। करीब साढ़े नौ बीघा क्षेत्र में फैले इस आश्रम का अधिकांश हिस्सा हरियाली से घिरा हुआ है, जबकि लगभग 25 प्रतिशत हिस्से में निर्माण कराया गया है। इसी आश्रम में महाराज की डायलिसिस की प्रक्रिया भी होती है।
शनिवार को उनकी पदयात्रा जैसा दृश्य सामने आने से वृंदावन के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय बाद महाराज को पैदल चलते देख भक्त भावुक नजर आए और पूरे रास्ते जयकारों के साथ उनका स्वागत करते रहे।
