(रणभेरी): कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। कैथवलिया पुलिया के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में पिस्टल, देशी तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश से हथियार लेकर गाजीपुर पहुंचे थे और उनकी डिलीवरी की तैयारी में थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ हथियार तस्कर दोपहिया वाहन के साथ कैथवलिया पुलिया के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
बैग की तलाशी में मिले हथियार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा निवासी भदौरा, थाना गहमर, रवि कुमार निवासी भदौरा और अभिषेक कुमार निवासी फुल्ली, थाना दिलदारनगर के रूप में की है। तीनों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष बताई गई है।
तलाशी के दौरान रतन के पास से .32 बोर की एक पिस्टल और पांच कारतूस मिले। उसके बैग की जांच में छह पिस्टल और सात देशी तमंचे बरामद हुए। रवि कुमार के कब्जे से एक पिस्टल और छह कारतूस मिले, जबकि उसके बैग से पांच पिस्टल और छह तमंचे बरामद किए गए।
तीसरे आरोपी अभिषेक के पास से .9 एमएम की एक पिस्टल और दो कारतूस मिले। उसके बैग से पांच .32 बोर की पिस्टल तथा छह देशी तमंचे पुलिस ने बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, कुल बरामदगी में 18 पिस्टल, 19 देशी तमंचे और 18 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
हथियारों के नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप मध्य प्रदेश के किन इलाकों से लाई गई थी और गाजीपुर में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। एसपी के मुताबिक, हथियारों के स्रोत और आरोपियों के संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में जुड़े दो अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
