ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और आईआईटी खड़गपुर समेत कई संस्थानों के विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान, हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में चलेंगी कक्षाएं
वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारत अध्ययन केंद्र की ओर से अष्टादश पुराणों (18 पुराणों) पर विशेष शॉर्ट टर्म कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इस 15 दिवसीय पाठ्यक्रम में पुराणों के माध्यम से सृष्टि की उत्पत्ति, खगोल विज्ञान, काशी का महत्व, पर्यावरण संरक्षण और समाज में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। कोर्स की कक्षाएं 20 नवंबर से आठ दिसंबर तक चलेंगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस पाठ्यक्रम में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (ब्रिटेन), आईआईटी खड़गपुर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, वर्धमान विश्वविद्यालय (पश्चिम बंगाल), केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश और दिल्ली समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इसके अलावा बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय, पुरातत्व विभाग और कला संकाय के विशेषज्ञ भी विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखेंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और पार्श्वनाथ विद्यापीठ के विद्वान भी पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे।
राजधर्म से लेकर स्त्री शक्ति तक पर होगी चर्चा
कोर्स में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज के डॉ. राज बालकर्ण पुराणों में वर्णित राजधर्म, लोक कल्याण और सुशासन की अवधारणा पर व्याख्यान देंगे। वहीं, आईआईटी खड़गपुर के डॉ. अन्वय उपाध्याय पुराणों में स्त्री शक्ति के स्वरूप के साथ वर्तमान समय में महिलाओं के ज्ञान और स्वायत्तता से जुड़े पहलुओं पर जानकारी देंगे।
वर्धमान विश्वविद्यालय की डॉ. अर्पिता चटर्जी पुराणों में जल परंपरा, नदियों और सरोवरों के महत्व तथा जल संरक्षण की अवधारणा पर कक्षा लेंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ पुराणों में वर्णित विषयों पर एक-एक घंटे के व्याख्यान देंगे।
अलग-अलग श्रेणियों के लिए निर्धारित शुल्क
पाठ्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के प्रतिभागियों का शुल्क निर्धारित किया गया है। बीएचयू के विद्यार्थियों को 1200 रुपये, शिक्षकों और शोधार्थियों को 3000 रुपये तथा बीएचयू से बाहर के विद्यार्थियों को 2000 रुपये जमा करने होंगे। विदेशी और एनआरआई विद्यार्थियों के लिए शुल्क 40 डॉलर रखा गया है।
कोर्स की कक्षाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संचालित होंगी। सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी जारी किए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 नवंबर है।
