UP Weather Update: यूपी में 24 घंटे में यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, हो सकती है बारिस

वाराणसी (रणभेरी): फरवरी की ठंड के बावजूद प्रदेश में गर्मी का असर दिखने लगा है। फरवरी में तापमान में वृद्धि का प्रतिकूल असर फसलों पर पड़ रहा है। इससे किसान चिंतित हैं। इस समय दिन में तेज धूप की वजह से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूतन तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। ऐसे में ठंड का आभास बहुत कम रह गया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान पर असर पड़ेगा। तापमान में वृद्धि का क्रम थम सकता है।
मंगलवार को यूपी में सबसे गर्म शहर प्रयागराज महाकुंभ रहा। इसका तापमान 32°C दर्ज किया गया। जबकि बस्ती सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 11°C दर्ज किया गया है। बता दें मंगलवार की सुबह आगरा में हल्की बूंदाबांदी हुई थी।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी का असर बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है। 20 फरवरी यानी कल से पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में कमी आ सकती है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ.मुकेश ने बताया- फरवरी महीने के शुरुआत में ही ज्यादातर जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब या इसके पार पहुंच गया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अधिक दिनों तक तापमान 30 डिग्री से ऊपर अधिक गर्मी की वजह से गेहूं और सरसों का उत्पादन प्रभावित होगा।
इससे पहले 2020-21 में फरवरी में लगातार ज्यादा गर्मी पड़ने से गेहूं के उत्पादन और क्वॉलिटी पर असर पड़ा था। तब फरवरी में तापमान काफी दिन तक लगातार 30 डिग्री से ऊपर रहा था।