Varanasi: जयमाल के वक्‍त दूल्‍हे ने की ऐसी हरकत,गुस्से से तमतमाई दुल्हन, शादी से किया इनकार

Varanasi: जयमाल के वक्‍त दूल्‍हे ने की ऐसी हरकत,गुस्से से तमतमाई दुल्हन, शादी से किया इनकार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के दिन दोस्तों के साथ शराब पीकर दुल्हन की सहेलियों से छेड़खानी करना दूल्हे व उसके दोस्तों को महंगा पड़ा। दूल्हे के नशे में होने की बात जानकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। देर रात तक पंचायत चलती रही। लेकिन दूल्हे बिना दुल्हन के ही बरात वापस लेकर जाना पड़ा। 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से तय हुई थी। शादी के लिए हरहुआ में एक लॉन बुक किया गया था। रविवार शाम बरात धूमधाम से लॉन पहुंची। लड़की पक्ष ने उनका जमकर स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। इस दौरान उसके दोस्त भी स्टेज पर चढ़ गए। कुछ ही देर में दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंची। जयमाल कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के दोस्त दुल्हन की सहेलियों पर छींटाकशी करने लगे। इससे दुल्हन और उसकी सहेलियां नाराज हो गईं। इस दौरान लोगों का आभास हुआ कि दूल्हे के दोस्त शराब के नशे में धुत हैं लेकिन लोग शांत रहे। वरमाला डालते वक्त नशे की हालत में लड़खाड़ते दूल्हे की हरकत को देख दुल्हन का पारा चढ़ गया। वह स्टेज से उतरकर अपने कमरे में चली गई। गुस्से से तमतमाई दुल्हन को स्टेज से उतरकर कमरे में जाते देख वहां मौजूद सभी लोग हैरान हो गए।  

दुल्हन के परिवार की महिलाएं उसके कमरे में पहुंचीं। दुल्हन ने शराबी दूल्हे के साथ शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे के परिजनों ने होने वाली दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की लेकिन वो अपने फैसले पर अडिग रही। पुलिस की दखल के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष ने संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में समझौता कर लिया। सोमवार सुबह बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। कई लोग दुल्हन के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं। इस दौरान विवाह स्थल में हंगामा मच गया। सूचना मिलते ही दूल्हे सहित बरातियों और सगे संबंधियों का नशा काफूर हो गया। दूल्हे के पिता और भाई लड़की पक्ष से सम्मान की दुहाई देकर शादी के लिए गिड़गिड़ाने लगे, लेकिन बात नहीं बनी। दूल्हे और उसके दोस्तों ने हंगामा खड़ा करने की कोशिश की। दूल्हे के पिता और भाई ने सभी को वहां से बाहर निकाला और गाड़ी में बैठा दिया।

दूल्हे के भाई ने अपनी मान-सम्मान की गुहार लगाते हुए दुल्हन के सामने काफी मिन्नतें की लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दुल्हन ने पूरी बात बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। सुबह करीब 4:30 बजे तक पंचायत चलती रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। थक-हार कर दूल्हा-दुल्हन पक्ष ने शादी में आए खर्च और अन्य सामान के लेन-देन को लेकर समझौता किया।