विश्वनाथ मंदिर के पास भरभरा कर गिरे दो जर्जर मकान

विश्वनाथ मंदिर के पास भरभरा कर गिरे दो जर्जर मकान
विश्वनाथ मंदिर के पास भरभरा कर गिरे दो जर्जर मकान

पीएम ने मंडलायुक्त से ली मामले की जानकारी, घायलों के बेहतर इलाज का दिया निर्देश

वाराणसी (रणभेरी सं.)। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास काशी विश्वनाथ विशिष्ट परिक्षेत्र में मंगलवार भोर में तीन बजे दो मकान ढह गए। कई लोग मलबे में दब गए। उन्हें बचान के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर जुट गई। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोग घायल हो गए। सभी को मंडलीय अस्पताल में भेजा गया गया। एक महिला प्रेमलता की मौत हो गई है। हादसे के बाद मौके पर तकरीबन 500 पुलिसकर्मी हैं। गोदौलिया से मैदागिन वाले मार्ग को बंद कर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी के चौक थाना इलाके के खोआ गली चौराहे पर यह हादसा हुआ। यहां 70 साल पुराने दो मकान जो अगल बगल ही थे अचानक धराशायी हो गए। बताया जा रहा है कि प्रसिद्ध जवाहिर साव कचौड़ी वाले के ऊपर स्थित राजेश गुप्ता और मनीष गुप्ता के इन मकानों के मलबे में नौ लोग दबे थे। कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। जिसमें गंभीर रूप से घायल एक सिपाही भी शामिल है। जिसे कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा विश्वनाथ मंदिर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई है। खोवा गली में दो मकान गिरे हैं। इसमे एक मकान अशोक यादव का है। जिसमे माला-फूल और कचौड़ी की दुकान है। दूसरा रमेश गुप्ता का मकान है। इसमें भी दो दुकानें हैं। दुकान के मालिक अनूप गुप्ता ने कहा कि हम लोगों ने मंदिर प्रशासन को कई बार शिकायती पत्र दिया था कि यह मकान गिरवा दिया जाए। बावजूद इसके प्रशासन ने हमारी एक न सुनी। करीब दस वर्षों से यह मकान जर्जर अवस्था में है। मौके पर मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक संवेदना जताई है। इस क्षेत्र में लगभग 50 लोगों को नोटिस दी गई है ताकि उनके मकानों की मरम्मत करवा सकें। नगर निगम के माध्यम से उन्हें कहीं और रहने को कहा जाएगा। मरम्मत के बाद वो लोग अपने मकान में शिफ्ट करें। महिला की मौत पर मंडलायुक्त ने कहा कि उनके गले पर कोई भारी सामान गिर गया था। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। बाकी नौ लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मुआवजे की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

पीएम ने मण्डलायुक्त से ली घटने की जानकारी: चौक इलाके के पास ढहे दोनों मकान के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा से फोन पर वार्ता करके घटना की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री को एनडीआरएफ, फायर, पुलिस, प्रशासन के चलाए गए रेस्क्यू आपरेशन तथा घायलों के अस्पताल में कराए जा रहे इलाज की पूरी विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री को दी।     

सावन का सोमवार होता तो और भी भयावह हो सकता था मंजर: सावन के सोमवार के एक दिन बाद और बीती रात काशी विश्वनाथ मंदिर के पास पांच-पांच मंजिला दो मकान गिरने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हर कोई अपने-अपने छत पर जाकर घटनास्थल को देख रहा था। नीचे पुलिस ने सभी रास्तों को बंद कर दिया था। 

महिला कॉन्स्टेबल के जबड़े में चोट आई, ट्रॉमा सेंटर रेफर

हादसे में ज्ञानवापी चौकी में तैनात महिला कॉन्स्टेबल बिंदू देवी (20) घायल हुई हैं। उनके जबड़े में चोट आई है। बिंदू को BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों में आजमगढ़ की सपना गुप्ता (26) पत्नी अशोक गुप्ता, पांचों पांडवा चौक निवासी रमेश गुप्ता (50) पुत्र स्व. लाल चंद्र गुप्ता, कुसुमलता गुप्ता (48) पत्नी रमेश गुप्ता, रितिका गुप्ता (23) पुत्री रमेश गुप्ता, ऋषभ गुप्ता (24) पुत्र रमेश गुप्ता, मनीष गुप्ता (39) पुत्र स्व. लाल चंद गुप्ता, पूजा गुप्ता (36) पत्नी मनीष गुप्ता, आर्यन गुप्ता (16) पुत्र मनीष गुप्ता हैं। वहीं, मृतक महिला की पहचान 43 साल की प्रेमलता के रूप में हुई, वह भी आजमगढ़ की रहने वाली थी।