पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ठांय-ठांय

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ठांय-ठांय

साथी बदमाश भाग गया, कैब चालक को बंधक बनाकर लूट की घटना को दिया था अंजाम 

वाराणसी (रणभेरी सं.)। शुक्रवार तड़के एसओजी और राजातालाब थाने की पुलिस की संयुक्त टीम से बदमाशों का आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग हुई। फायरिंग में  एक बदमाश को पैर में गोली लग गई जबकि उसका साथ बदमाश भाग गया। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल भेजा। वहीं दो अन्य की तलाश में टीम को लगा दिया गया हैं। एडीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया की गत रविवार को एक घटना रिपोर्ट हुई थी जिसमें तीन व्यक्तियों ने मुगलसराय स्टेशन से एक कैब बुक किया और राजातालाब में ड्राइवर से मारपीट करके कैब को लूट लिया गया था। पुलिस को सूचना मिली कि लूट के आरोपी कैब से जा रहे है। इस दौरान चेकिंग लगाई गई थी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों की कीचड़ वाले रास्ते पर कार फंस गई। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी कार से निकलकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। पुलिस के जाल में खुद को फंसता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। जबकि उसका साथी भाग गया। घायल बदमाश का नाम राजकुमार है। भागने वाले आरोपी संदीप बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि इन दोनों के अलावा एक अभियुक्त जिसका नाम रजनी बताया जा रहा है। उसके साथ मिलकर योजना बनाकर यह लूट प्रायोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इन्होंने इसी तरह कैब बुक करके लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसको लेकर थाना शिवपुर में भी मुकदमा दर्ज है। अभियुक्तों के पास से लूट की गाड़ी और एक तमंचा बरामद किया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। दो अभियुक्त जो फरार है उनकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है।

यह है पूरा मामला 

बीरभानपुर (राजातालाब) के पास रविवार रात तीन बदमाशों ने कैब चालक को बंधक बनाकर कार लूट ली थी। इससे पहले उन्होंने खाते में 25 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिये थे। लहरतारा निवासी कार मालिक रवि सिंह की ओर से तहरीर मिलने के बाद भी राजातालाब थाने की पुलिस ने सोमवार रात तक मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

पुलिस को कार मालिक रवि सिंह ने बताया था कि एक कैब कंपनी में उनकी कार लगी थी। शिवपुर निवासी रिंकू राजभर कार चालक था। रविवार रात मुगलसराय स्टेशन (चंदौली) के बाहर कार खड़ी थी। रात लगभग 2 बजे तीन तीन लोग आए और आॅफ लाइन चलने की बात कही। ड्राइवर ने ओटीपी से चलने की बता की। इस पर तीनों राजी हो गए और कार लठियां (रोहनिया) के लिए बुक किया। मुगलसराय में चालक ने डीजल भरवाया। लठिया पहुंच कर चालक को बोला कि थोड़ा आगे छोड़ दो।

 थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर बदमाशों ने कार रोकने के लिए बोला। कार रुकते ही तीन में से एक ने चालक का गला दबा दिया। एक ने मुंह में कपड़ा ठूंस उसके बंधक बना लिया। उसके मोबाइल का लाक खुलवाकर 25000 रुपए ट्रांसफर करवा लिये। चालक को नीचे उतारने के बाद कैब छीनकर फरार हो गए थे।