करंट लगने के बाद पोल पर लटकता रहा लाइन मैन, पापुलर अस्पताल में कराया गया भर्ती

करंट लगने के बाद पोल पर लटकता रहा लाइन मैन, पापुलर अस्पताल में कराया गया भर्ती

(रणभेरी): वाराणसी के सिगरा के चंद्रिका नगर कॉलोनी के पास बिजली पोल पर चढ़ा कर्मचारी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पापुलर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोग सड़क पर खड़े होकर वीडियो-फोटो बनाते रहे। इस दौरान कुछ लोगों को दिखा कि कर्मचारी में अभी भी जान बाकी है। वह हिल-डुल रहा है तो चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगे कि 'उतारो उसे। कोई उतारो उसे। उसमे अभी जान है।' तत्काल लाइन कटवाकर लोगों और विभाग के कर्मचारियों ने खंभे से उसे उतारा और अस्पताल भिजवाया गया।

कर्मचारी का नाम ज्ञानेंद्र (30) बताया जा रहा है। विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मचारी के तौर पर वह कार्यरत था। आज दोपहर में करीब 1 बजे बिजली के खंभे पर इलेक्ट्रिक ठीक करने के लिए चढ़ा था। ट्रांसफार्मर में कुछ खराबी ठीक कर रहे थे। तभी ज्ञानेंद्र को झटका लगा और ट्रांसफार्मर वाले वाले पोल पर ही लटके रहे। बताया जा रहा है कि सिगरा क्षेत्र में कल रात से ही बिजली नहीं आ रही थी। पानी सप्लाई से लेकर कई जरूरी चीजें रुकी हुईं थी। इसी को ठीक करने ज्ञानेंद्र पोल पर चढ़ गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

चौकाघाट स्थित विद्युत उपकेंद्र के सब स्टेशन ऑपरेटर नीरज कुमार झा ने बताया कि लाइट कटी थी। मगर, एक फीडर का शटडाउन न होने से करंट दौड़ गया। मगर, बैंक कॉलोनी में 10 एंपियर का लोड जा रहा था। यहां पर शटडाउन दिखा रहा था। उस समय हमारे अधिकारी, जूनियर इंजीनियर यहीं पर थे। यहां पर 2-3 लोगों की जानें जा चुकी हैं। इसके बारे में ज्यादा जानकारी अधिकारी ही देंगे। हम लोग कंट्रोलिंग का काम करते हैं। इस घटना को लेकर बिजली कर्मियों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से हादसों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। अधिकारी मौन साधे रहते हैं। इससे आक्रोश पनपता जा रहा है।