सहारनपुर में SDM के सामने आग लगाने वाले किसान की मौत, दिल्ली में 5 दिन चला इलाज

 सहारनपुर में SDM के सामने आग लगाने वाले किसान की मौत, दिल्ली में 5 दिन चला इलाज

सहारनपुर (रणभेरी): यूपी के सहारनपुर के थाना चिलकाना इलाके में SDM के सामने खुद को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले किसान सरदार वेद प्रकाश की मौत हो गई। बुधवार सुबह 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 5 दिन से दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वह वेंटिलेटर पर थे। 90% से ज्यादा झुलस गए थे। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया

किसान सरदार वेदप्रकाश का जैन मंदिर से लगी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद बीते शनिवार को सदर एसडीएम अंकुर वर्मा राजस्व टीम के साथ जमीन की पैमाइश करने पहुंच गए थे। 

एसडीएम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पैमाइश करनी शुरू कर दी थी। इस दौरान किसान वेदप्रकाश ने पैमाइश का विरोध किया और मामला कोर्ट में होने का हवाला भी दिया। लेकिन, अधिकारियों ने उसकी एक न सुनी इससे नाराज होकर किसान अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। किसान के आत्मघाती कदम से मौके पर अफरातफरी मच गई थी। अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे। घटना के बाद थाना चिलकाना इंस्पेक्टर कपिल देव को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, DM ने SDM सदर अंकुर वर्मा को भी हटा दिया था। उन्हें किसी तहसील का चार्ज नहीं दिया गया।