आकांक्षा सुसाइड केस में बनारस से संजय सिंह गिरफ्तार

आकांक्षा सुसाइड केस में बनारस से संजय सिंह गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में बुधवार देर शाम पुलिस ने गायक समर सिंह के दोस्त संजय सिंह को भी गोइठहां क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे घेरा तो उसने सरेंडर कर दिया। संजय, 25 मार्च को आकांक्षा के सुसाइड के बाद से फरार था। इसके पहले 6 अप्रैल को गाजियाबाद से पुलिस ने सिंगर समर सिंह को गिरफ्तार किया था। संजय सिंह आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव का रहने वाला है। संजय को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जिला जेल में बंद भोजपुरी गायक समर सिंह के साथ ही उसके दोस्त संजय सिंह के खिलाफ भी आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज है। संजय सिंह के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस उसकी संपत्ति की कुर्की का वारंट हासिल करने की कानूनी प्रक्रिया में लगी हुई थी। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से बुधवार की शाम क्राइम ब्रांच को पता लगा कि संजय सिंह गोइठहां में मौजूद है। अदालत में समर्पण करने के लिए वह अपने करीबियों के माध्यम से किसी अधिवक्ता से मुलाकात करने शहर की ओर जाएगा। इस सूचना के आधार पर सारनाथ थाने की आशापुर चौकी के प्रभारी अखिलेश वर्मा, दरोगा अजय यादव, हेड कांस्टेबल रामबाबू व रामानंद यादव और क्राइम ब्रांच के दरोगा मनीष मिश्रा ने घेराबंदी कर संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।उसे सारनाथ थाने लेकर आया गया। वहां पूछताछ के बाद विशेष मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके जेल भेज दिया।वही दूसरी तरफ, आकांक्षा की मौत मामले में समर सिंह के खिलाफ बुधवार को कोर्ट ने पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। पुलिस ने महज 72 घंटे की रिमांड मांगी थी लेकिन जज ने उससे ज्यादा रिमांड की आवश्यकता जताई। कोर्ट में पुलिस ने बताया आकांक्षा केस में खुलासे के लिए समर को बनारस से आजमगढ़, मुंबई, पटना, गोरखपुर आदि शहर में लेकर जाना पड़ सकता है। ऐसे में कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड स्वीकृत की।