बेकाबू थार चालक ने बाइक को 500 मीटर तक घसीटा, बाल-बाल बची जान

बेकाबू थार चालक ने बाइक को 500 मीटर तक घसीटा, बाल-बाल बची जान

प्रयागराज। सिविल लाइंस में शुक्रवार आधी रात बेकाबू रफ्तार में दौड़ रही थार ने जमकर कोहराम मचाया। बाइक को चपेट में लेकर 500 मीटर दूर तक घसीटती चली गई। गनीमत रही कि इससे पहले टक्कर लगते ही बाइकसवार छिटककर दूर जा गिरा जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और उसकी कार भी कब्जे में ले ली गई है। घटना रात 12:00 बजे के करीब हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक युवक थार लेकर पत्थर गिरजाघर से सुभाष चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान हॉट स्टफ चौराहे की ओर से आया एक बाइकसवार युवक रोडवेज की ओर जाने के लिए महात्मा गांधी मार्ग पर मुड़ा। थार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक इस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बेकाबू होते ही उसने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे युवक छिकटकर दूर जा गिरा और उसकी बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई।

यह देख चौराहे पर मौजूद डायल 112 की टीम थार चालक को पकड़ने के लिए दौड़ी तो उसने गति बढ़ा दी। इसके बाद बाइक को घसीटते हुए चालक रोडवेज चौराहे तक चला गया। हालांकि, डायल 112 की टीम ने गाड़ी सामने लगाकर आरोपी चालक को रोक लिया और फिर उसे हिरासत में ले लिया। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस भी पहुंच गई और फिर किसी तरह बाइक को थार से अलग किया गया।

घटना में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चला रहा युवक राहुल रावत (20) उन्नाव के सोहरामऊ का रहने वाला है। वह मजदूरी करता है। उसके सीने व घुटने में चोट आई है। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया और उसकी थार को भी थाने भेजवा दिया। प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि हादसे में बाइकसवार युवक बाल बाल बच गया। आरोपी चालक नशे में धुत है। उसने अपना नाम शशांक बताया है। कहां रहता है, क्या करता है इसके बारे में नहीं बता पा रहा था। गाड़ी के भीतर शराब की बोतल भी मिली है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।