पीएम के गढ़ में प्रियंका ने भरी हुंकार

पीएम के गढ़ में प्रियंका ने भरी हुंकार
  • किसान न्याय रैली को किया संबोधित 
  • जब तक गृहराज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा, हम लड़ते रहेंगे

(रणभेरी): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंची। काशी विश्वनाथ मंदिर और मां कूष्मांडा के दर्शन करने के बाद किसान न्याय रैली को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी और पीएम मोदी पर कई हमले किये।

प्रियंका ने दो टूक कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में जब तक गृहराज्यमंत्री (अजय मिश्रा) का इस्तीफा नहीं होता, हम लड़ते रहेंगे। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को 'आंदोलनजीवी' और आतंकवादी कहा। योगी जी ने उन्हें गुंडे कहा और उन्हें धमकाने की कोशिश की। वही मंत्री (अजय कुमार मिश्रा) ने कहा कि वह 2 मिनट के भीतर विरोध करने वाले किसानों को सुधार देंगे। प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर खीरी में जो हुआ, उसे पूरे देश ने देखा है। गृहराज्यमंत्री के बेटे ने छह किसानों को निर्ममता से कुचल दिया। छह के छह परिवार कहते हैं कि हमें पैसे नहीं चाहिए, मुआवजा नहीं चाहिए, हमें न्याय चाहिए। 

साथ ही उन्होंने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के कोने-कोने तक प्रधानमंत्री घूम सकते हैं। देश-देश भ्रमण कर सकते हैं लेकिन अपने देश के किसानों से भेंट करने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी और पता नहीं क्या-क्या कहते हैं। प्रियंका ने कहा कि हम डरेंगे नहीं। आइए हमारे साथ ..हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। 

प्रियंका ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। शहरों को साफ करने वालों के प्रति अपशब्द कहे सीएम ने। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी।  देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे।  एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। चुनाव की नहीं अब देश की बात है।

यह देश भाजपा के पदाधिकारी और प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार नहीं बनेंगे तो ना खुद को बचा पाएंगे और न देश को। आपकी मेहनत ने इस देश को बनाया है। आपको आतंकवादी कहने वालों को न्याय देने के लिए विवश कीजिए।  मुझे जेल में डाल दीजिए, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा हम लड़ते रहेंगे। अपने अंतर्मन में झांकिए, एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए। भाषण के अंत में प्रियंका ने नवरात्र की शुभकामानएं दीं।