President Election 2022: राष्‍ट्रपत‍ि चुनाव के ल‍िए सीएम योगी, अखिलेश समेत इन नेताओं ने डाला वोट

President Election 2022: राष्‍ट्रपत‍ि चुनाव के ल‍िए सीएम योगी, अखिलेश समेत इन नेताओं ने डाला वोट

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के विधान भवन में देश के 15वें राष्‍ट्रपत‍ि के ल‍िए की वोटिंग शुरू हो गई है। सोमवार को सुबह 10 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद सबसे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने तिलक हॉल मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। वोटिंग के दौरान किसी भी विधायक और सांसद को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसकी पूरी व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के अपर सचिव राजीव सिंह ठाकुर को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। विधान भवन के तिलक हाल में मतदान स्थल बनाया गया है। राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सहायक रिटर्निंग अफसर व पीठासीन अधिकारी बृजभूषण दुबे को नियुक्त क‍िया गया है। राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर लखनऊ में विधानसभा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 

वही समाजवादी पार्टी के प्रमुख अख‍िलेश यादव ने राष्‍ट्रपत‍ि चुनाव के ल‍िए सपा और रालोद व‍िधायकों के साथ वोट डाला। वोट डालने से पहले अखि‍लेश यादव ने कहा क‍ि मैं यशवंत स‍िन्‍हा के ल‍िए मतदान करूंगा। देश में कोई ऐसा भी होना चाह‍िए जो समय समय पर देश की आर्थि‍क हालात के बारे में सरकार को बता सके। हम सभी श्रीलंका के हालात देख रहे हैं। ऐसे में हमे सोच समझकर काम करने की जरूरत है। बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कहा क‍ि बीएसपी ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा पार्टी व मूवमेन्ट की सोच के मुताबिक ही आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे पहले अपना समर्थन देने की घोषणा की। मायावती ने कमजोर वर्गों के अन्य लोगों से भी उन्हें आज अपनी अन्तरात्मा के आधार पर वोट देने की अपील की है।

राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमें अपनी आदिवासी बहन को जिताना है। मतदान के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में जीत का रास्ता यूपी की तरफ से जाता है। द्रौपदी मुर्मू की जीत में यूपी की निर्णायक भूमिका होगी।राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को उत्तर प्रदेश से बड़ी जीत तय है। भाजपा गठबंधन के 273 विधायकों के साथ ही सपा गठबंधन से बगावत कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और सपा मुखिया अखिलेयादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की थी।