इंडिगो संकट: दिल्ली से आधी रात तक सभी डोमेस्टिक उड़ानें रद्द, हजारों यात्री परेशान
(रणभेरी): दिल्ली समेत देशभर के हवाई अड्डों पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में लगातार रुकावट से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो की सभी घरेलू प्रस्थान उड़ानें आधी रात 11:59 बजे तक रद्द कर दी गईं। इससे हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर साफ किया कि 5 दिसंबर 2025 को इंडिगो की सभी डोमेस्टिक आउटगोइंग फ्लाइट्स रात 23:59 बजे तक कैंसिल रहेंगी। हालांकि, अन्य सभी एयरलाइंस का संचालन तय समय के अनुसार ही चलता रहेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा कि ऑन-ग्राउंड टीमें यात्रियों को राहत देने के लिए सभी पार्टनर्स के साथ मिलकर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। मेडिकल सहायता के लिए टी-3 डोमेस्टिक पियर जंक्शन, टी-2 पोस्ट सिक्योरिटी सेल्फ मेडिकेशन रूम और टी-1 डिपार्चर मेडिकल सेंटर पर मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की गई है। अधिक जानकारी के लिए यात्रियों को एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।
इंडिगो के परिचालन संकट पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में यात्री परेशान हैं और सरकार को इस मामले में तत्काल दखल देना चाहिए। जरूरत पड़ने पर एयरलाइन को हरसंभव सहयोग दिया जाना चाहिए।
इंडिगो के लिए उड़ानें रद्द होने का सिलसिला लगातार जारी है। खराब मौसम, घना कोहरा, क्रू की कमी और अन्य परिचालन दिक्कतों के चलते बीते दिनों देशभर में हालात बिगड़ गए। दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर इसका सबसे अधिक असर देखा जा रहा है।
बीते दिन इंडिगो ने देशभर में 400 से अधिक उड़ानें रद्द कीं। शुक्रवार को अकेले 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें दिल्ली में 200 से अधिक, बेंगलुरु में 100 से अधिक और हैदराबाद में 90 से ज्यादा उड़ानें शामिल रहीं। इसके अलावा कई अन्य हवाई अड्डों पर बड़ी संख्या में फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं।

इंडिगो ने यात्रियों से माफी मांगते हुए माना है कि सर्दियों में कोहरे और यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण क्रू की कमी की समस्या गहराई है। एयरलाइन का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक शेड्यूल पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। हालांकि, 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या में कटौती कर हालात को संभालने की योजना बनाई गई है।
स्थिति से निपटने के लिए इंडिगो ने पायलटों के आराम और नाइट ड्यूटी से जुड़े नियमों में 10 फरवरी तक छूट की मांग की है। डीजीसीए ने इसकी पुष्टि की है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हालात का जायजा लिया है। डीजीसीए ने इंडिगो को क्रू भर्ती, ऑपरेशन्स स्थिर करने की रणनीति, हर दो हफ्ते में रिपोर्ट देने और पैसेंजर हैंडलिंग स्टाफ बढ़ाने जैसे कड़े निर्देश जारी किए हैं। आने वाले दिनों में इंडिगो के नेटवर्क और यात्री सेवाओं की रियल-टाइम निगरानी जारी रहेगी।











