पराड़कर भवन में महिला कांग्रेस का पलटवार, शालिनी यादव के फ्लैट मामले में निष्पक्ष जांच की माँग
वाराणसी (रणभेरी): भाजपा नेत्री शालिनी यादव द्वारा कांग्रेस नेताओं पर लगाए गए आरोपों के विरोध में जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी ने पराड़कर भवन, मैदागिन में संयुक्त प्रेस वार्ता कर जोरदार पलटवार किया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने की।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बीते दिन शालिनी यादव ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत्र, महानगर अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं पर निराधार आरोप लगाए, जबकि सच्चाई यह है कि जिस फ्लैट से हाल ही में पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, वह फ्लैट शालिनी यादव से ही जुड़ा बताया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में अनुराधा यादव और पूनम विश्वकर्मा ने कहा कि सोमवार की रात पुलिस ने एक फ्लैट पर छापेमारी कर 9 युवतियों और 4 युवकों को मौके से गिरफ्तार किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस फ्लैट में ‘स्पा सेंटर’ की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, वह अरुण यादव के नाम पर दर्ज है। इसी फ्लैट में पूर्व में शालिनी यादव द्वारा ‘निष्पक्ष भारत दूत’ अख़बार का कार्यालय भी चलाया जा चुका है। महिला कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अब इस मामले से बचने के लिए फर्जी एग्रीमेंट का सहारा लिया जा रहा है।
महिला कांग्रेस ने दो टूक कहा कि शालिनी यादव इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकतीं। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की माँग करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। प्रेस वार्ता में मौजूद महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में राजनीतिक दबाव में जांच को प्रभावित किया गया, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।











