ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री को ASI ने सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री को ASI ने सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

भुवनेश्वर (रणभेरी): ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नव किशोर दास को एक पुलिसकर्मी ने जनसभा में जाने के दौरान गोली मार दी। गोली लगने से नव किशोर दास घायल हो गए हैं। जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नव दास एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास जब अपनी गाड़ी से बाहर निकले तभी ASI ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस कर्मचारी ने उन पर फायरिंग क्यों की गई, इसकी वजह अबतक सामने नहीं आई है। घटना के बाद नाबा दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद बीजेडी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए, जिसके बाद मौके पर तनाव बढ़ गया है। 

घटना दोपहर करीब सवा बारह बजे झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गांधी चौक पर हुई।इस मामले पर जानकारी देते हुए ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि गांधी चौक पुलिस अधिकारी गोपाल दास ने स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारी है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। ASI ने सरकारी रिवाल्वर से गोली मारी है। पुलिसकर्मी ने वाहन से बाहर निकलते ही नव दास पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने 6 राउंड गोली चलाई थी, जिसमें एक गोली उनके सीने में लगी है। उल्लेखनीय है कि बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता नव किशोर दास हाल ही में खबरों में थे, जब उन्होंने कथित तौर पर महाराष्ट्र के एक मंदिर में 1 करोड़ रुपये से अधिक का सोने का कलश दान किया था। दास ने कथित तौर पर महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किया था, जो देश के प्रसिद्ध शनि मंदिरों में से एक है। नव किशोर दास ने झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2009 में फिर उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 के चुनाव में भी दास ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में झारसुगुड़ा विधानसभा से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। साल 2019 के चुनाव में वे लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नव किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।