चलती XUV में अचानक धमाका, आग का गोला बनी कार; देवर-भाभी की जान बची

चलती XUV में अचानक धमाका, आग का गोला बनी कार; देवर-भाभी की जान बची

(रणभेरी): यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते वाहन में अचानक आग लगने के बाद तेज धमाका हो गया। महिंद्रा XUV 300 के बोनट से धुआं उठते देख एक बाइक सवार ने कार रुकवाई। गाड़ी रुकते ही चालक तयैब और उनकी भाभी नसीमा समय रहते नीचे उतर गए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।

सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार युवक ने आग की आशंका पर कार का बोनट और बंपर खोलने में मदद की। लेकिन जैसे ही बोनट खुला, अंदर से आग का गुबार उठा और कुछ ही क्षणों में जोरदार धमाका हुआ। देखते-ही-देखते गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग दहशत में दूर हट गए।

शादी समारोह में जा रहे थे देवर-भाभी

सहारनपुर जिले के पठलोकर गांव निवासी तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ यमुनानगर के मालीमाजरा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गांव से करीब 20 किलोमीटर तक सब सामान्य रहा। लेकिन जैसे ही वाहन ने हथिनीकुंड बैराज पार कर हरियाणा सीमा में प्रवेश किया, तभी बाइक सवार ने उन्हें बोनट से धुआं निकलने की जानकारी दी।

हरियाणा रजिस्ट्रेशन, यूपी में उपयोग

जिस XUV 300 (HR71L-6002) में आग लगी, वह वर्ष 2024 मॉडल है और हरियाणा के प्रतापनगर निवासी अनीस के नाम रजिस्टर्ड है। हालांकि इसका उपयोग यूपी में रहने वाला उसका रिश्तेदार तयैब करता है।

धमाके से दोनों राज्यों की पुलिस सक्रिय

धमाके की आवाज हथिनीकुंड बैराज पर दूर तक गूंजी, जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर अलर्ट हो गई। यूपी पुलिस पहले पहुंची, जबकि हरियाणा पुलिस कुछ देर बाद पहुंची। बताया गया कि बैराज पर कभी स्थायी पुलिस नाका हुआ करता था, जो अब काफी समय से बंद है।

दमकल हरियाणा से ढाई घंटे लेट

आग लगने की जानकारी मिलते ही यूपी और हरियाणा दोनों जगह के फायर ब्रिगेड को सूचना भेजी गई। यूपी के मिर्जापुर से दमकल की गाड़ी सबसे पहले मौके पर पहुंची। जबकि हरियाणा से फायर ब्रिगेड करीब ढाई घंटे देरी से यानी लगभग दोपहर 12 बजे पहुंची। डायल-112 की टीम भी करीब 11:45 बजे मौके पर पहुंची।

जाम में फंसी आर्मी की गाड़ियां, राहत कार्य प्रभावित

धमाके के बाद बैराज पुल पर लंबा जाम लग गया। शादी-विवाह के सीजन के चलते मार्ग पर भारी ट्रैफिक था। इसी दौरान आर्मी की गाड़ियां भी मूवमेंट में थीं, जो जाम में फंस गईं। पुलिस ने पहले सैन्य वाहनों को निकाला, फिर एम्बुलेंस को रास्ता दिया। लगभग 12 बजे यातायात सामान्य हो पाया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है। गनीमत यह रही कि चालकों की सूझबूझ और मौके पर मौजूद बाइक सवार की चेतावनी से दो जानें बच गईं, वरना हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।