नगर निगम मुख्यालय में मेयर ने संभाला पद, अधिकारियों संग की बैठक

नगर निगम मुख्यालय में मेयर ने संभाला पद, अधिकारियों संग की बैठक

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने बुधवार शाम को नगर निगम कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान अधिकारियों संग बैठक की। शासन से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान नगर में सफाई व्यवस्था समेत निगम प्रशासन के दायरे में आने वाली अन्य सेवाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने ट्रिपल इंजन की मंशा से अवगत कराया। नगर निगम में शामिल गांवों के विकास पर विशेष जोर दिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में 100 दिन के लक्ष्य के सवाल पर महापौर ने दावा किया कि शहरवासियों को सौ दिन में बदलाव दिखेगा। मानसून से पूर्व जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। 14 जून से पहले नालों, गली पिट और मैनहोलों की सफाई पूरी हो जाएगी। महापौर ने कहा कि सड़क को लगातार ऊंची करने की शिकायतें मिल रही हैं। इसके लिए नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में जाम एवं अतिक्रमण की समस्या को सुलझाना प्राथमिकता में होगा। महापौर ने जलकल जीएम समेत विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जलभराव से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदम की जानकारी ली।