ललित उपाध्याय ने इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास की घोषणा, अब बस खेलेंगे घरेलू और प्रो लीग टूर्नामेंट

वाराणसी (रणभेरी): भारतीय फॉरवर्ड ललित कुमार उपाध्याय ने रविवार 22 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा की। सोशल मीडिया X पर अर्जुन अवार्डी ललित ने पोस्ट शेयर कर ये जानकारी दी। हालांकि, वह घरेलू और लीग मैच खेलते रहेंगे। ललित कुमार उपाध्याय के संन्यास लेने से एक दशक से अधिक समय तक चले उनके करियर का अंत हो गया। अपने करियर में ललित कुमार उपाध्याय ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। इसमें दो ओलंपिक (पेरिस ओलंपिक और टोक्यो ओलंपिक) में कांस्य पदक जीतना भी शामिल है।
फिलहाल वे इन दिनों बेल्जियम में चल रही प्रो हॉकी लीग में व्यस्त हैं। ललित ने लिखा- आज मैं इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं। यह एक कठिन पल है, लेकिन हर खिलाड़ी को एक दिन इसका सामना करना पड़ता है। देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और गर्व रहा है। आप सभी का दिल से धन्यवाद।
ललित कुमार उपाध्याय ने भारत द्वारा यूरोप में खेले गए 8 में से 4 मैच खेले। ये मुकाबले 2024-25 प्रो लीग सीजन का हिस्सा थे। उन्होंने अपना आखिरी मैच 15 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। ललित ने सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत के लिए 183 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 67 गोल किए हैं। ललित कुमार उपाध्याय उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी (पुलिस उपाधीक्षक) भी हैं।
ललित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, ‘यह यात्रा एक छोटे से गांव से शुरू हुई, जहां सीमित संसाधन थे, लेकिन सपने असीम थे। एक स्टिंग ऑपरेशन का सामना करने से लेकर ओलंपिक पोडियम पर खड़े होने तक, एक बार नहीं, बल्कि दो बार यह चुनौतियों, विकास और अविस्मरणीय गौरव से भरा रास्ता रहा है। 26 साल बाद अपने शहर से ओलंपियन बनना कुछ ऐसा है, जिसे मैं अपने दिल में हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ संजोये रखूंगा।
यादगार करियर के लिए ललित उपाध्याय ने अपने अब तक के सफर में कोच परमानंद के साथ ही हरिंदर, समीर, धनराज आदि को मार्गदर्शक बताया है। शुरुआती कोच परमानंद मिश्र को याद किया। कहा कि उन्होंने शुरुआती दिनों में हॉकी खेलने में मदद की और मुझे यहां तक पहुंचाया।