बेरहम गर्मी से तिलमिला रही काशी, तापमान 44°C के पार

बेरहम गर्मी से तिलमिला रही काशी, तापमान 44°C के पार

(रणभेरी): वाराणसी में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। ऐसा लग रहा मानो आसमान से गर्म लावा गिर रहा हो। धूप, लू और उमस ने हालात काफी खराब कर दिए हैं। मौसम बीमार करने वाला हो गया है। इन दिनों दोपहर के वक्त तेज हवा तो चलती है, मगर धूप इतना करारा होता है कि पूरी हवा आंच ​​की तरह महसूस होने लगती है। दोपहर में चल रही गर्म हवा ने दुश्वारियां काफी बढ़ा दी है। पूरा शहर एक हीट आईलैंड के रूप में तब्दील होता जा रहा है।

वाराणसी का अधिकतम तापमान 44°C को पार कर गया है। वहीं आज सुबह 5.30 बजे का तापमान 30°C के भी ऊपर चला गया था। जबकि रात में तापमान 35°C तक दर्ज किया गया। इससे यह पता चल रहा है कि दिन के साथ रातें भी तेजी से गर्म हो रहीं हैं। वाराणसी में सुबह से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल रही है। वहीं हवा में नमी 74% तक बनी हुई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इधर-बीच बारिश का कोई अनुमान नहीं है। तापमान और ऊपर चढ़ेगा और स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली जाएगी। मानसून की आहट भले ही केरल में हो गई हो, मगर उत्तर प्रदेश में दूर-दूर तक कोई संभावना फिलहाल नहीं बन रही है।