BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में CM Yogi बोले- 'मोदी है तो मुमकिन है' बन गया वैश्विक मंत्र

BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में CM Yogi बोले- 'मोदी है तो मुमकिन है' बन गया वैश्विक मंत्र

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आज रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान सूबे के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य समेत सभी पदाधिकारी मौजूद है। इसके अलावा कार्यसमिति में उत्तर प्रदेश से केंद्र सरकार में मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया और गुजरात में भाजपा की सातवीं बार रिकॉर्ड तोड़ जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कौतूहल और आश्चर्य की नजर से भारत की तरफ देख रही है। जी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता भारत कर रहा है। जो कि दिखाता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मोदी है तो मुमकिन है अब वैश्विक मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुजरात में सातवीं बार रिकॉर्ड जीत से साबित हो गया है कि जनता विकास को प्रमुखता देती है। जनता ने परिवावाद को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हम लोग मई 2022 में आयोजित कार्यसमिति में नए संकल्प के साथ आगे बढ़े थे। पहली बार कोई सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार दो तिहाई बहुमत से यूपी में  फिर सत्ता में आई है। विजेता के रूप में काम कैसे होना चाहिए यह भाजपा अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में तमाम राजनीतिक विश्लेषकों की राय को दरकिनार कर चुनाव जीता है। विजेता के रूप में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कैसे किया जाना चाहिए यह भाजपा सरकार जानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर पीएम मोदी के नेतृत्व में देश भर में गांव-गांव हर घर तिरंगा लगाकर आजादी का असली मतलब बताया गया। पीएम मोदी के नेतृत्व में जो भी मानक गढ़े गए वह पूरे किए गए हैं। ये हमारा सौभाग्य है कि पीएम संसद में यूपी का प्रतिनिधित्व करते है। यूपी में असीम संभावनाएं है। 
मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा नेताओं को यूपी के निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने के बाद निकाय चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनाव में भाजपा का परचम फहराना है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि खतौली और मैनपुरी का परिणाम हमें और अधिक परिश्रम करने की प्रेरणा देता है। भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव जीतकर रिकॉर्ड भी बनाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि उद्घाटन सत्र के बाद राजनीतिक प्रस्ताव का सत्र होगा। तीसरे सत्र में संगठन की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी। बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जनता के बीच पहुंचने का एजेंडा सौंपा है। पार्टी 18 से 25 वर्ष की आयु के युवाओं से संपर्क कर उन्हें देश के राजनीतिक इतिहास से अवगत कराएगी। उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू होगा। बताया कि प्रधानमंत्री ने अमृत काल को कर्तव्य काल में परिवर्तित करने के लिए कहा है। इसके तहत भी कार्यक्रम होंगे। कहा कि पार्टी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में जीत के प्रति आश्वस्त है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में हुए निर्णयों को वार्ड और गांवों तक पहुंचाने के लिए 5 फरवरी तक सभी 98 संगठनात्मक जिलों में जिला कार्यसमिति और 12 फरवरी तक 1918 मंडलों में कार्यसमिति की बैठकें होंगी।