फैक्ट्री में धमाके से दहल गया इलाका, लगी भीषण आग, एक घायल

फैक्ट्री में धमाके से दहल गया इलाका, लगी भीषण आग, एक घायल
फैक्ट्री में धमाके से दहल गया इलाका, लगी भीषण आग, एक घायल

आजमगढ़।  गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार स्थित सम्राट इंडस्ट्रीज आलमारी की फैक्ट्री में बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे तेज धमाके के साथ आग लग गई। इस घटना में फैक्ट्री मालिक संजय गुप्ता (32) घायल हो गए।  धमाका इतना तेज था कि अगल-बगल के लोग सहम गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बिंद्रा बाजार में नहर के पास सम्राट इंडस्ट्रीज आलमारी की फैक्ट्री है। जिसमें काफी संख्या में लोग काम करते हैं।  बुधवार की सुबह फैक्ट्री में अचानक धमाका हुआ और आग लग गई। यह संयोग ही था कि फैक्ट्री में संचालक के अलावा और कोई नहीं था। इस घटना में फैक्ट्री संचालक संजय गुप्ता घायल हो गए। वहीं धमाके की आवाज इतनी तेज थी अगल-बगल के लोग भी सहम गए। सब लोग घरों से बाहर निकल आए। 

कारण का जब पता लगा तो सब लोग आग बुझाने में जुट गए। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष गंभीरपुर बसंत लाल भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जिले के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच में जुट गए।  जिला अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा ने कहा कि अब यह जांच का विषय है कि धमाका कैसे हुआ। जांच करने पर ही इसके कारण को स्पष्ट किया जा सकता है। बिंद्रा बाजार में कई फैक्ट्रियां चल रही हैं अब किसके पास क्या स्थिति है। इसके लिए टीम गठित करके जांच की जाएगी।