वाराणसी में घने कोहरे का कहर, यातायात और जनजीवन प्रभावित

वाराणसी में घने कोहरे का कहर, यातायात और जनजीवन प्रभावित

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में बुधवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे शहर की दृश्यता घटकर करीब 800 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर देखने को मिला। सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, हालांकि दिन में धूप निकलने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

परिवहन सेवाएं हुईं प्रभावित

कोहरे का सबसे ज्यादा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, 15 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वालों की परेशानी बढ़ गई।

हवाई यातायात की स्थिति भी बेहद खराब रही। मंगलवार को वाराणसी में पहली बार एक ही दिन में 15 उड़ानों को निरस्त करना पड़ा। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण विमानों की आवाजाही रोकनी पड़ी, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक एयरपोर्ट पर ही रुकना पड़ा।

स्कूलों में छुट्टी का आदेश

कोहरे और ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों को ठंड और कोहरे से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है।

मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा

मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकल सकती है। पश्चिम और दक्षिण दिशा से करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। वहीं, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 275 दर्ज किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक माना जा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम घर से निकलते समय सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।