दीनदयाल संकुल में प्रदर्शनी का शुभांरभ

दीनदयाल संकुल में प्रदर्शनी का शुभांरभ

वाराणसी(रणभेरी): वाराणसी में बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में शुक्रवार से प्रदर्शनी का शुभारंभ होगया। इसमें वोकल फार लोकल की तर्ज पर ओडीओपी उत्पादों के साथ ही अन्य स्टाल लगाए गए हैं। स्थानीय कारगीरों के उत्पादों की ब्रांडिंग भी देखने को मिल रही है। वहीं उत्पादों के लिए बाजार मुहैया कराने का रास्ता भी साफ होगया। प्रदर्शनी दो अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगी।

उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में "वोकल फार लोकल" की अवधारणा पर ओडीओपी के उत्कृष्ट उत्पादों एवं पुरस्कृत हस्तशिल्पियों के भौगोलिक संकेतक (जीआई) दर्जा प्राप्त उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन प्रदर्शनी में किया जाएगा। इसमें सिल्क उत्पाद, गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के खिलौने, जूट उत्पाद, स्टोन कार्विंग, सोलर उत्पाद, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पंजा दरी, कारपेट एवं अन्य हस्तशिल्प उत्पादों के 50 स्टाल लगाए जाएंगे। प्रदर्शनी प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक जन सामान्य के लिए खुली रहेगी।

हस्तशिल्पियों को करेंगे सम्मानित

उद्योग उपायुक्त ने बताया कि प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। उत्कृष्ट उत्पाद का स्टाल लगाने वाले हस्तशिल्पियों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिले में हजारों कारीगर बनारसी साड़ी, लकड़ी के खिलौने आदि बनाने का काम करते हैं। उनकी कारीगरी को पहचान दिलाने के लिए आयोजन किया जा रहा है।