काशी के अस्सी घाट पर देश के शहीदों का भावभीना तर्पण

काशी के अस्सी घाट पर देश के शहीदों का भावभीना तर्पण

वाराणसी (रणभेरी): धर्म की नगरी काशी में शुक्रवार को अस्सी घाट पर देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने  वाले वीर सपूतों को याद  कर उनकी आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध और पिंडदान किया गया। पितृपक्ष में सामाजिक संस्था प्रणाम वंदे मातरम समिति के सदस्यों ने अस्सी घाट पर देश के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने अनेक क्रांति वीरों चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह,राजगुरु, सुखदेव, सावरकर,नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, खुदीराम बोस, सूर्यसेन जैसे अनेक ज्ञात अज्ञात क्रांति वीरों के लिए पिण्डदान, तर्पण पं. प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में वैदिक ब्राम्हणों के मंत्रोच्चार के बीच किया। विधिवत पूजा कर मां गंगा और महादेव से उन आत्माओं की शान्ति की प्रार्थना कर भारत में सुख, शांति, समृद्धि की भी की।

प्रणाम वंदे मातरम समिति संस्था के अध्यक्ष अनूप जायसवाल ने बताया कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में हम लोग उन क्रांतिवीर के तर्पण के लिए एकत्र हुए थे जिन्होंने हमारे देश की स्वतंत्रता और सरहद की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।हमने आज उनका पिंडदान कर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की है कि वह जहां भी हो उनकी आत्मा को शांति मिले। उनका आशीर्वाद भारत की उन्नति में सहायक हो। उनके पुण्य कर्मों के चलते भारत के लोगों का जीवन और भविष्य उज्जवल हो। उनका बलिदान व्यर्थ न जाए और भारत विश्व गुरु के स्थान पर स्थापित हो। वही भाजपा प्रवक्ता अशोक पांडे ने कहा कि यह पितृ विसर्जन का समय है। भारत की आजादी के लिए और देश की सरहद की रक्षा के लिए अनेकों वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन महान सपूतों की आत्मा की शांति के लिए हम लोगों ने यहां तर्पण किया है। यह वह शहर है, जहां मां गंगा बहती हैं और जहां देवताओं के देवता भगवान शिव वास करते हैं। सच्चे मन से की गई हमारी प्रार्थना और पूजा को ईश्वर स्वीकार करेंगे और अमर बलिदानियों की आत्मा को शांति मिलेगी।