बिजली कर्मियों की हड़ताल आज रात 10 बजे से

बिजली कर्मियों की हड़ताल आज रात 10 बजे से

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में बिजली कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर का कार्य बहिष्कार किया। मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकालकर निगम प्रबंधन को चेताया। सेवा शर्तों में कटौती और निजीकरण का आरोप लगाते हुए भिखारीपुर स्थित डिस्कॉम मुख्यालय के बाहर सभा करके आरपार का आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी। कर्मियों ने कहा कि अगर मांगों पर अमल नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज होगा। कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि बिजली कर्मियों की मांग नहीं मानी जा रही है। निगम कर्मचारियों को आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत सुरक्षा देने से मुकर रहा है। यह ठीक नहीं है।

कर्मचारी गुरुवार की रात 10 बजे तक कार्य बहिष्कार करेंगे, फिर रात 10 बजे के बाद 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल के दौरान बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा। बहिष्कार और हड़ताल के दौरान बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिए उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड ने डिस्कॉम के सभी जोन में अधिकारी तैनात किए हैं। इसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों को लगाया गया है। अश्वनी कुमार श्रीवास्तव को प्रयागराज, पीएन उपाध्याय को पारेषण गोरखपुर, आलोक रंजन सिंह को बस्ती, अवीक्षित सिंह को ओबरा, राजीव कुमार को सोनभद्र, राजेश रंजन सिंह को आजमगढ़, गिरीश कुमार को अनपरा, शैलेंद्र कुमार को वाराणसी और देवेंद्र सिंह को गोरखपुर की जिम्मेदारी दी है।