वाराणसी में दहेज उत्पीड़न का मामला: नवविवाहिता ने पति समेत आठ पर लगाया गंभीर आरोप

वाराणसी में दहेज उत्पीड़न का मामला: नवविवाहिता ने पति समेत आठ पर लगाया गंभीर आरोप

पति ने मांगे 10 लाख, पीड़िता बोली- SP साहब मुझे न्याय दिलाइए; FIR

वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिहार की रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर 10 लाख रुपए दहेज की मांग, मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना लंका में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

विवाह के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 23 अप्रैल 2024 को सतेन्द्र कुशवाहा से वाराणसी के नान कोचिंग क्लब, बीएचयू, छित्तुपुर में हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह के अगले दिन वह अपने पति के साथ ससुराल बिहार चली गई थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद पति, सास, ससुर और ननदों ने मिलकर 10 लाख रुपए दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।

पति का दुस्साहसिक बयान

नवविवाहिता के अनुसार, 7 फरवरी 2025 को उसका पति सतेन्द्र कुशवाहा जबरन उसे मायके छोड़ गया और गहने व कपड़े घर पर रख दिए। जाते समय उसने धमकी दी कि वह मध्य प्रदेश में बिल्डर है और पहले से ही एक महिला से संबंध रखता है। यदि एक माह के भीतर 10 लाख रुपए दहेज नहीं मिले तो वह उसी महिला से विवाह कर लेगा। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल का पूरा परिवार इस मांग में पति का साथ दे रहा है।

महिला सहायता प्रकोष्ठ में मामला दर्ज

पीड़िता ने बताया कि उसके पिता चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नगद राशि और विवाह में आवश्यक सामान पहले ही दे दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ती गईं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई

लंका थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों को बुलाया गया है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।