कलेक्शन एजेंट को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, लूट के विरोध में वारदात की आशंका

कलेक्शन एजेंट को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, लूट के विरोध में वारदात की आशंका

लखनऊ। महानगर स्थित उमराव मॉल के पास एक कंपनी के कलेक्शन एजेंट को बृहस्पतिवार रात 11.30 बजे बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने दो गोली मार दी। एक गोली उनके बाएं हाथ व पेट को छूते हुए निकल गई। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आशंका है कि लूट के विरोध में गोली मारी गई है।

चौक के बाग महानारायण निवासी अर्पित अग्रवाल (36) निशातगंज स्थित उमराव मॉल के पास एक वेयर हाउस में बतौर कलेक्शन एजेंट काम करते हैं। रोज की तरह बृहस्पतिवार रात को वेयर हाउस से बाइक लेकर निकले, तभी एक बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रोक लिया।

बाइक सवार हमलावरों ने उनको पकड़ लिया तो वह अकेले ही दोनों हमलावरों से भिड़ गए। इस बीच बाइक सवार हमलावरों ने उनको दो गोली मार दी। एक गोली उनके बाएं हाथ में और दूसरी गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े तो बाइक सवार हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। महानगर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। ऐसी आशंका है कि लूट के विरोध में अर्पित को बदमाशों ने गोली मारी है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है