पंचक्रोशी मार्ग चौड़ीकरण का मिले ब्लू प्रिंट, व्यापारियों से हो संवाद

वाराणसी (रणभेरी): राजातालाब काशी के धार्मिक महत्ता के पंचक्रोशी मार्ग के बाजारों के दुकानदारों ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर चिंता जताई है। सात साल से दुकानदार डरे हुए हैं कि उनकी दुकानें ध्वस्त हो जाएंगी। वे योजना का ब्लूप्रिंट और प्रशासन से संवाद की मांग कर रहे हैं।
मिले ब्लू प्रिंट, व्यापारियों से हो संवाद
हर रात यह मनाकर दुकानें बढ़ाते हैं कि बुलडोज़र न धमक जाए। हर सुबह दुआ-प्रार्थना करते हैं कि पीडब्ल्यूडी अचानक ध्वस्तीकरण न शुरू करा दे। सात साल बीत चले हैं, हर दिन धड़कनें असामान्य रहती हैं। नींद भूल चुके हैं- यह दर्द है पंचक्रोशी मार्ग के दुकानदारों-व्यापारियों का। वे फोर लेन के विरोधी नहीं। सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि रोड कितनी चौड़ी होगी, अभी कितने पीछे दुकान-मकान ले जाना पड़ेगा। वे चाहते हैं कि योजना का ब्लूप्रिंट जारी किया जाए। व्यापारियों से संवाद भी हो। लठिया- शिवपुर वांया राजातालाब, जन्सा, रामेश्वर और शिवपुर के बीच फोरलेन सड़क के बीच आ रहे मकानों व दुकानों को 24 मीटर के रेडियस में चौड़ा होना है। इसके तहत लगभग हज़ारों स्थायी दुकानें, मकाने तोड़ी जाएगी। शुक्रवार को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ‘पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग फोरलेन होगा’ से यहां के दुकानदारों-व्यापारियों में हड़कंप मचा है तभी से चट्टी, चौराहे और बाजारों में चर्चाए अपनी शंकाएं, दिक्कतें यहाँ के लोग एक दूसरे से साझा कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि उनकी नजर में समाधान क्या है। त्रेता युग में पंचक्रोशी मार्ग अस्तित्व में आया था। तब शायद यहां कुछ आबादी और दुकानें भी रही होगी। अब चाय-मिठाई से लेकर बर्तन और निर्माण सामग्रियों की। धीरे-धीरे बाजार का फैलाव हुआ। इस समय अलग-अलग ट्रेड की हज़ारों से अधिक स्थायी दुकानें हैं। इनमें कुछ शोरूम भी हैं। ज्यादातर लोगों ने अपने घरों के आगे दुकानें निकाल ली हैं। समस्या शुरू हुई सात वर्ष पहले जब चितईपुर- शिवपुर पंचक्रोशी मार्ग को 100 फ़ीट चौड़ा करने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ। उस प्रोजेक्ट के तहत पंचक्रोशी मार्ग 100 फ़ीट चौड़ा होना था।
सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने बताया कि तीन दशक पहले पंचक्रोशी मार्ग के दोनों तरफ 30 फीट के दायरे की दुकानें ध्वस्त हुईं या हटवाई गईं। उनमें ज्यादातर अस्थायी थीं। इसके बाद वर्ष 2018 में पीडब्ल्यूडी ने मार्ग के मध्य से 50 फीट की चौड़ाई मानते हुए चितईपुर- रामेश्वर वांया भीमचंडी तक नोटिस जारी कर दिए। इसमें भी किसी का 5.4 मीटर, किसी का 5 तो किसी मकान पर 4.5 मीटर का निशान लगाया गया था यानी उक्त निर्माण उतने मीटर पीछे किए जाएंगे। रानी बाजार के श्रीनाथ गुप्त ने कहा, कार्यदायी विभाग अब भी स्पष्ट नहीं कर रहा है कि उसे पंचक्रोशी मार्ग कितना चौड़ा करना है। इसलिए हर व्यक्ति सशंकित है। आकाश जायसवाल समेत कई ने कहा कि प्रशासन या पीडब्ल्यूडी हमें अपना ब्लूप्रिंट दिखाए। साथ ही हम दुकानदारों से बात करे ताकि आशंकाएं दूर हों। पंकज सेठ ने कहा कि विकास का कोई विरोधी नहीं है। चौराहा-सड़क चौड़ा होने से हमें भी फायदा ही होगा लेकिन अफसरों को पारदर्शिता के साथ हमारी आशंकाएं दूर करनी चाहिए। दुकानदारों ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव के पहले केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल यहां आई थी। उस समय उन्हें लिखित ज्ञापन दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि बिना दुकानदारों की सहमति के तोड़फोड़ नहीं होगी।